सरपंचों ने दिखाए काले झंडे तो गाड़ी से उतर गए डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, और फिर…

Spread the love

जिले के गांव पीली मंदोरी में शनिवार को उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला पहुंचे। जहां पर सरपंच एसोसिएशन के द्वारा उन्हें काले झंडे दिखाकर उनका विरोध किया गया और जमकर नारेबाजी की गई। सरपंचों के विरोध के बीच दुष्यंत चौटाला गाड़ी से उतरे और सरपंच एसोसिएशन के प्रदेश प्रवक्ता चंद्रमोहन पोटलिया से बातचीत भी की। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हर मामले का समाधान बैठकर होता है। इसलिए आप बातचीत की टेबल पर आइए। इस दौरान गांव में भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा।

मीडिया से बातचीत करते हुए सरपंच एसोसिएशन के प्रदेश प्रवक्ता चंद्रमोहन पोटलिया ने कहा कि सरपंच एसोसिएशन के द्वारा जजपा और बीजेपी के नेताओं के गांव में घुसने पर विरोध का ऐलान पहले ही किया गया है। ई-टेंडरिंग के विरोध में सरपंच लगातार आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज भी दुष्यंत चौटाला उपमुख्यमंत्री गांव पीली मंदोरी पहुंचे थे, उन्हें काले झंडे दिखाकर उनका विरोध किया गया है। चंद्र मोहन पोटलिया ने कहा कि दुष्यंत चौटाला के द्वारा उन्हें बातचीत के लिए आमंत्रित किया गया है, लेकिन दुष्यंत चौटाला को सरपंचों की सभी मांगों के बारे में पहले ही पूरी जानकारी है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी उनका यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

 

Author