इटली की राजधानी रोम के एक क्लिनिक में एक मां अपने नवजात बच्चे को छोड़ गई. उसने शिशु के साथ हाथ से लिखा एक नोट भी छोड़ा जो चर्चा का विषय बना हुआ है. महिला ने नोट में लिखा कि उसका बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है और उसके सभी मेडिकल जांच हो चुके हैं.
इटली की स्थानीय मीडिया में छपी खबरों के मुताबिक, ईस्टर के रविवार को महिला ने रोम के मिलान शहर में एक क्लिनिक में अपने नवजात लड़के को छोड़ दिया. उसने नोट में बच्चे के नाम एनिया लिखा था. उसने नोट में आगे लिखा, ‘बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ है. अस्पताल में इसके सभी टेस्ट किए गए हैं और सब ठीक है.’
इसी तरह की एक घटना बुधवार को भी हुई जहां एक महिला ने अपनी नवजात बेटी को मिलान के एक अस्पताल में छोड़ दिया. यह तीन दिनों में रोम के उत्तरी शहर मिलान में अपनी तरह का दूसरा मामला है.
टूटे-फूटे गोदाम में दिया बच्ची को जन्म
37 वर्षीय महिला ने एक खाली पड़े टूटे-फूटे गोदाम में अपनी बच्ची को जन्म दिया. महिला के पास अपना कोई घर नहीं था और न ही उसका कोई जानने-पहचानने वाला था. बच्ची को जन्म देने के बाद वो पुलिस के साथ मिलान के बजी अस्पताल में पहुंची और वहां परित्यक्त बच्चों के लिए बने जगह में उसे छोड़ दिया.
महिला ने अपनी बेटी को स्वीकार करने से इनकार कर दिया और उसे कोई नाम भी नहीं दिया. बताया जा रहा है कि बच्ची की हालत बिल्कुल ठीक है और वह बिल्कुल स्वस्थ है.
परित्यक्त नवजातों के लिए इटली सरकार की कोशिशें
इटली में इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं जहां प्रवासी महिलाएं या फिर जिन गरीब महिलाओं के पास अपना घर नहीं होता, वो अपने नवजात बच्चों को छोड़ देती हैं. पहले अनचाहे नवजातों को लोग कूड़े के ढेर में छोड़ दिया करते थे जिससे उनके बचने की संभावना काफी कम होती थी.
छोड़े गए नवजातों की मौत को देखते हुए इटली की सरकार ने शहरों में क्लिनिक और अस्पतालों में ऐसी व्यवस्था की है जहां अनचाहे नवजातों को रखा जा सके. अब माएं अपने अनचाहे नवजातों को इन्हीं अस्पतालों या क्लिनिक में छोड़ जाती हैं. छोड़े गए नवजातों को अस्पतालों से गोद भी लिया जा सकता है.







