जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में भीम्बर गली से संगीओत जाते समय वाहन में आग लगने से सेना के पांच जवानों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सेना के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘अपराह्न तीन बजे के करीब पुंछ जिले में भीम्बर गली से संगीओत की ओर जाते समय सेना के एक वाहन में आग लग गई।” इसे सेना ने आतंकी हमला बताया है। इसकी पुष्टि सेना की तरफ से कर दी गई है। आतंकी संगठन जैश समर्थित PAFF यानी पीपल्स एंटी फासिस्ट फ्रंट ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
सेना की तरफ से बताया गया है कि आज गुरुवार को लगभग दोपहर तीन बजे राजौरी सेक्टर में भीमबेर गली और पुंछ के बीच हाइवे से गुजर रहे सेना के एक वाहन पर अज्ञात आतंकवादियों ने गोलीबारी की। माना जा रहा है कि आतंकवादियों ने ग्रेनेड का भी इस्तेमाल किया, जिससे वाहन में आग लग गई. भारी बारिश और कम दृश्यता का फायदा उठाते हुए ये आतंकी हमला हुआ।
सेना और पुलिस के जवान घटनास्थल पर पहुंच गए हैं, जो पुंछ से 90 किलोमीटर दूर है। घटना के फुटेज में जलते ट्रक के बगल में सड़क पर पड़े सैनिकों के अधजले शव दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि जिस समय आग लगी उस समय वाहन में कितने जवान थे। स्थानीय लोग और कुछ सैन्यकर्मी आग बुझाते हुए नजर आए। सूत्रों ने बताया कि सेना और पुलिस मौके पर पहुंची तथा इलाके की घेराबंदी करते हुए राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही रूकवा दी।







