बिहार के सीवान स्थित महेंद्र नाथ मंदिर पर सावन का नजारा अप्रैल माह में भी देखने को मिला. जहां दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पहुंचकर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की. महेंद्र नाथ मंदिर में सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालु जलाभिषेक करते नजर आए जो शाम तक जारी रहा.
वैशाख तेरस पर जलाभिषेक करने के लिए उत्तर प्रदेश के बलिया, बिहार के बक्सर, गोपालगंज और छपरा और सीवान के सिसवन, रघुनाथपुर और दरौली घाट से जल भरकर कतार बद्ध तरीके से श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर हिंदू रीति-रिवाज व परंपरा के अनुरूप पूजा-अर्चना की.
जलाभिषेक के लिए रातभर जमे रहे श्रद्धालु
दरअसल, सीवान जिले के सिसवन प्रखंड के मेहंदार स्थित बाबा महेंद्रनाथ मंदिर में लोगों ने वैशाखी शिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया. यहां दूरदराज के श्रद्धालु रात से ही जमे हुए हैं थे. जहां सुबह होते ही भक्त कमलदह सरोवर में स्नान कर भगवान भास्कर को जलार्पण कर जलपात्र में जल पुष्प, धतूरा, अक्षत, कुमकुम आदि पूजन लेकर कतारबद्ध होकर महेंद्रनाथ मंदिर में दाखिल हो गए व भोलेनाथ को जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना कर मन्नते मांगी.
एक किलोमीटर की दूरी में लगे दो घंटे
मंदिर के प्रधान पुजारी तारकेश्वर उपाध्याय ने बताया कि करीब दो लाख से अधिक शिव भक्तों ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की. भीड़ का आलम यह रहा कि चैनपुर बाजार से ही वाहनों का काफिला थमने का नाम नहीं ले रहा था. मेला परिसर में एक किलोमीटर की दूरी तय करने में 2 घंटे के समय लग जा रहा था. इसके पीछे की मुख्य वजह लोगों की काफी भीड़ थी. उन्होंने बताया कि पिछली बार की अपेक्षा इस बार अधिक श्रद्धालु आए हुए थे.
जिले के इन शिवालयों पर भी रही श्रद्धालुओं की भीड़
सीवान जिले के सोहागरा धाम गुठनी, हरिराम ब्रह्म स्थान मंदिर मैरवा,शिव मन्दिर जीरादेई, महादेव शिव मंदिर सीवान, कचनार, चैनपुर, रामगढ़, चैनपुर, बखरी, ग्यासपुर आदि शिवालयों में भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने के लिए मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही. हर हर महादेव की गूंज चारों ओर सुनाई दे रही थी.भक्तों ने मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की. महेंद्रनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की पूजा-अर्चना के लिए लंबी कतारें देखी गई.










