मुंबई. प्रतिभाशाली कलाकार नितेश पांडे के निधन से मनोरंजन जगत का हर सितारा परेशान है. दिल का दौरा पड़ने से बुधवार को उनका निधन हो गया था. देर रात नितेश का गोरेगांव ईस्ट आरे कॉलोनी के समीप स्थित मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया. उनके अंतिम दर्शन के लिए करीबी और मनोरंजन जगत के कई सितारे पहुंचे. अपने प्यारे दोस्त को देखकर सभी की आंख से आंसू छलक पड़े.
एक्टर नितेश पांडे के अंतिम दर्शन के लिए काफी संख्या में करीबी और टीवी जगत के सेलेब पहुंचे. सभी ने अपने प्यारे दोस्त को नम आंखों से विदा किया.

नितेश की मौत का सदमा मां और बेटे सहन नहीं कर पा रहे हैं. नितेश के पार्थिव शरीर को देख दोनों अपने आप को रोक नहीं सके. रो रो कर दोनों का बुरा हाल हो रहा था और परिवारजन उन्हें संभालने की कोशिश कर रहे थे.
नितेश पांडे टीवी शो ‘अनुपमा’ में अहम किरदार निभा रहे थे. उनके यूं चले जाने से शो की पूरी स्टारकास्ट सदमे में है. शो की लीड एक्ट्रेस रुपाली गांगुली भी अपने दोस्त के अंतिम दर्शन पर पहुंचीं.
नितेश को देख सभी अपने आंसू नहीं रोक पाए. नितेश का 24 मई को नासिक के इगतपुरी स्थित होटल ड्यू ड्रॉप में निधन हो गया था. बताया जा रहा है कि मंगलवार रात नितेश ने खान मंगवाया था लेकिन जब स्टाफ खाना लेकर पहुंचा तो उन्होंने गेट नहीं खोला था.
खबरों की मानें तो स्टाफ की सूचना पर होटल प्रशासन ने मास्टर चाबी से जब नितेश के कमरे का गेट खोला तो वे बेहोश मिले. इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
नितेश के बेटे बार बार पापा के चेहरे को छू रहे थे और उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि अचानक ये सब क्या हो गया. बेटे और मां को देख वहां मौजूद लोग भी अपनी आंसू नहीं रोक सके.
नितेश के अंतिम दर्शन के लिए नकुल मेहता सहित टीवी जगत के कई सितारे पहुंचे थे. सभी के लिए विश्वास करना मुश्किल हो रहा था कि नितेश अब उनके बीच नहीं हैं.
51 साल के नितेश ने साल 1990 में अपने कॅरियर की शुरुआत की थी. नितेश पीछे पत्नी अर्पिता और 10 साल का बेटा छोड़ गए हैं. नितेश मनोरंजन जगत से पिछले 25 सालों से जुड़े हुए थे.










