हमारे रसोई घर में कई ऐसी चीजें हैं जो स्वाद, सेहत के साथ-साथ ज्योतिषी उपाय में भी सहायक हैं. जिनके उपयोग से आर्थिक समस्या, नौकरी में आ रही अड़चन या फिर घर में पसरी दरिद्रता को दूर किया जा सकता है. इन्हीं में से एक औषधीय गुणों से भरपूर हल्दी ना सिर्फ मनुष्य की सेहत के लिए बेहद लाभकारी है बल्कि वास्तु शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र में भी हल्दी के कई उपाय बताए गए हैं. हल्दी का उपयोग धार्मिक कार्यों में भी शुभ माना जाता है. भोपाल निवासी ज्योतिषी एवं वास्तु सलाहकार पंडित हितेंद्र कुमार शर्मा हल्दी से जुड़े ऐसे ही कुछ वास्तु टिप्स बता रहे हैं, जो आपकी अनेक समस्याओं से छुटकारा दिला सकते हैं.
वास्तु शास्त्र में हल्दी के उपाय
1. वापस मिलेगा रुका धन
यदि किसी व्यक्ति का कहीं पैसा अटक गया है और वापस नहीं मिल रहा है तो उसके लिए वास्तु शास्त्र के अनुसार, हल्दी में चावल के कुछ दाने मिला लें. अब पीले रंग के इन चावलों को एक लाल रंग के कपड़े में बांधकर अपने पर्स में रख लें. इस उपाय से ना सिर्फ धन आगमन बढ़ेगा, बल्कि आपका रुका धन भी वापस मिल जाएगा.
2. दूर होगी दरिद्रता
वास्तु शास्त्र के अनुसार यदि आपके घर में दरिद्रता पसर गई है और उसे आप दूर करना चाहते हैं तो घर के मुख्य द्वार पर हल्दी के पानी का छिड़काव करना चाहिए. हल्दी के इस पानी में आप ₹1 का सिक्का डालकर भी छिड़काव करेंगे तो लाभकारी होगा. इस उपाय से घर में पसरी दरिद्रता दूर होगी साथ ही सुख समृद्धि भी आएगी.
3. सुख-समृद्धि के लिए उपाय
गुरुवार का दिन भगवान विष्णु को समर्पित किया गया है. वास्तु शास्त्र के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु को हल्दी चढ़ाना बेहद शुभ माना गया है. ये उपाय ना सिर्फ आर्थिक तंगी दूर करता है बल्कि घर में सुख समृद्धि की बढ़ाता है.
4. रुके काम को मिलेगी गति
वास्तु शास्त्र के अनुसार यदि आपके काम लंबे समय से रुके हुए हैं, और उन्हें आप पूरा करना चाहते हैं तो गुरुवार के दिन गरीब और जरूरतमंद लोगों को पीले रंग की वस्तुएं जैसे बेसन के लड्डू, सुपारी, हल्दी, पीले रंग के वस्त्र दान करना बेहद लाभकारी माना गया है. इस उपाय से आपके रुके हुए काम पूरे होंगे.
5. विवाह में आ रही अड़चन होगी दूर
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार जिन जातकों के विवाह में देरी हो रही है या किसी भी तरह की अड़चन आ रही है तो उसे नियमित रूप से भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी को एक चुटकी हल्दी अर्पित करना चाहिए. इस उपाय से लक्ष्मीनारायण प्रसन्न होते हैं और विवाह में आ रही बाधा को दूर करते हैं साथ ही वैवाहिक जीवन की सुख में बीतता है.










