हर पेड़ और पौधे का एक स्वतंत्र चरित्र होता है. अपने विभिन्न प्रभावों के कारण पौधे का रूप, रंग, सुगंध, फल और फूल सभी विभिन्न ग्रहों से जुड़े हुए हैं. वास्तु शास्त्र में कई ऐसी चीजें बताई गई हैं, जिनके करने और ना करने से हमारे जीवन पर उसके सकारात्मक और नकारात्मक दोनों प्रभाव पड़ते हैं. हरे पौधे और पेड़ हमारे जीवन में आशा और सुंदरता की भावना लाते हैं. संकटमोचन मंदिर के पंडित उदय पाण्डेय की मानें तो कुछ पौधे हमारे घरों में सौभाग्य और समृद्धि ला सकते हैं. शमी भी ऐसा ही एक पौधा है.
शमी की जड़ का महत्व
शमी पेड़ की लकड़ी को यज्ञ की वेदी के लिए पवित्र माना जाता है. वहीं शमी के पेड़ का संबंध शनि देव से माना जाता है. ज्योतिष के अनुसार, जो लोग नीलम रत्न धारण नहीं कर सकते वो लोग शमी की जड़ हाथ में बांध सकते हैं. जिसका फल भी व्यक्ति को नीलम के बराबर ही प्राप्त होगा और शनि दोष, साढ़ेसाती से जल्द छुटकारा मिलेगा. शमी को गणेश जी का प्रिय पेड़ माना जाता है. इसलिए भगवान गणेश की आराधना में शमी के पेड़ की पत्तियों को अर्पित किया जाता है.
इस हाथ में बांध सकते हैं जड़
पटना के ज्योतिषाचार्य ऋषि कुलश्रेष्ठ की मानें तो ज्योतिष शास्त्र अनुसार, वृष राशि, मिथुन राशि, कन्या राशि, तुला राशि, मकर राशि और कुंभ राशि के लोग शमी की जड़ अपने हाथ में बांध सकते हैं. वहीं जन्मकुंडली में अगर शनिदेव शुभ में विराजमान हैं, तो भी शमी की जड़ बांध सकते हैं. संकटमोचन मंदिर के पंडित उदय पाण्डेय बताते हैं कि जिस जातक की कुंडली में शनि का दुष्प्रभाव होता है, वे जातक भी शमी की जड़ को हाथ में बांध सकते हैं. इसे जहां महिलाएं बांए हाथ में तो पुरुष दाएं हाथ में बांध सकते हैं.
इस विधि से धारण करें शमी की जड़
उदय पाण्डेय की मानें तो शमी की जड़ घर पर लाने के बाद सबसे पहले इसे गंगाजल से शुद्ध कर लें. इसे काले कपड़े में बांध लें. शमी के पेड़ की जड़ को शनिवार या शनि नक्षत्र के दिन शाम के समय हाथ में बांध सकते हैं. इसको बांधने के बाद शनि देव के बीज मंत्र ॐ प्रां प्रीं प्रौं स: शनैश्चराय नम: का 108 बार जाप करें और फिर इसे किसी ब्राह्राण से बंधवा लें.
वास्तु शास्त्र का प्रयोग कर घर में लगाएं पेड़-पौधे
वास्तु शास्त्र का प्रयोग घर में फूल और पेड़ लगाने के लिए भी किया जाता है. जब आप अपने घर में एक पेड़ लगा रहे हैं, तो पौधों का भी वास्तु देखना आवश्यक होता है, क्योंकि वास्तु के अनुसार पेड़ पौधे लगाने के साथ घर की ऊर्जा भी प्रभावित होती है.








