प्रोटीन शरीर के लिए जरूरी पोषक तत्व है जिसके बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती है. शरीर की प्रत्येक कोशिका में प्रोटीन पाया जाता है. यह प्रत्येक कोशिकाओं में टूट-फूट की मरम्मत करता है और नई कोशिका बनाता भी है. प्रोटीन बच्चों के विकास के लिए भी बहुत जरूरी है. अगर प्रोटीन शरीर में न हो तो शरीर की कोशिकाएं मरने लगेगी. प्रोटीन की प्रयाप्त मात्रा शरीर में थकान और कमजोरी को होने नहीं देती. इसलिए प्रोटीन के महत्व को समझा जा सकता है. हर वयस्क इंसान को एक दिन में 50 से 60 ग्राम प्रोटीन की जरूरत होती है. पर मुश्किल यह है भारत में अधिकांश लोग पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन नहीं ले पाते हैं.
इसका कारण यह नहीं है कि प्रोटीन की प्राप्त हम कर नहीं सकते बल्कि जानकारी के अभाव में लोगों को पता नहीं रहता है कि किस चीज से ज्यादा से ज्यादा प्रोटीन की प्राप्ति की जा सके. लोग अक्सर यह समझते हैं कि प्रोटीन सिर्फ मटन, फिश, चिकन, अंडा या नॉन-वेज आइटम से ही मिलता है लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है. यदि आप वेजिटेरियन हैं तो आपके लिए भी हरी सब्जियों सहित कई ऐसी चीजें हैं जिनमें मांस-मछली से ज्यादा प्रोटीन पाया जाता है. इन चीजों का सेवन कर आप आराम से मसल्स को मजबूत बना सकते हैं. आइए जानते हैं कि किन-किन वेजिटेरियन आइटम से प्रोटीन को ज्यादा प्राप्त किया जा सकता है.
इन फूड आइटम में मांस-मछली से ज्यादा प्रोटीन
1.सोया बींस-बीबीसी गुड फूड के मुताबिक सोया बींस में मांस-मछली से ज्यादा प्रोटीन पाया जाता है. इसमें प्रोटीन का खजाना छुपा है. सिर्फ 80 ग्राम सोयाबींस में 8.7 ग्राम शुद्ध प्रोटीन मिल जाता है. सोयाबींस को कई तरह से बनाकर खाया जा सकता है. इसे कई अन्य सब्जियों के साथ बना सकते हैं जो खाने में मटन से कम टेस्टी नहीं होता. इसका सेवन करने से मसल्स मजबूत और ताकतवर बनते हैं.
2. टोफू-टोफू सोया मिल्क है. हालांकि भारत में टोफू का कम सेवन किया जाता है लेकिन यह प्रोटीन से भरा हुआ खाद्य पदार्थ है. सौ ग्राम टोफू से 8.1 ग्राम प्रोटीन मिलता है. मसल्स बनाने के लिए टोफू बेहतर विकल्प है. टोफू कई रूपों में मिलता है. टोफू से पैनकेक, जापानी सलाद, सिलकेन आदि बनाए जाते हैं. इसे अन्य चीजों में मेरीनेट भी किया जा सतता है.
3. मूंगफली-मूंगफली देश के हर कोने में मिल सकता है और यह सस्ता भी होता है. इसलिए इसका सेवन करना भी आसान है. 2 चम्मच मूंगफली बटर में 8 ग्राम प्रोटीन रहता है. इसलिए मूंगफली को प्रोटीन का खजाना कहते है. इसे कई तरह के स्नेक्स में मिलाकर खाया जाता है. भूनी हुई मूंगफली अधिकांश लोगों को पसंद आती है.
4. बादाम-पिश्ता पाउडर-यदि प्रोटीन की ज्यादा कमी से जूझ रहे हैं और मसल्स बनाना चाहते हैं तो प्रोटीन पाउडर खुद से बना सकते है. फूड एनडीटीवी के मुताबिक प्रोटीन पाउडर को बादाम और पिश्ता से बनाया जा सकता है. इसे पहले थोड़ा सा रोस्ट कर लें और इसके बाद बारीक पीस लें. इसमें सूरजमुखी के बीज, कद्दू के बीज और तरबूज के बीज को भी इसी तरह रोस्ट कर लें और पीसकर मिला दें. अब सीड्स और बादाम के पाउडर को एक साथ मिला दें. अब इसमें आप चाहें तो फ्लेवर भी मिला सकते हैं. इसका रोजाना सेवन करें.
5. पालक-पालक में बहुत अधिक प्रोटीन रहता है. इसके साथ ही पालक में कई तरह के एमिनो एसिड होते हैं. सब्जियों में पालक दूसरा सबसे अधिक प्रोटीन वाली सब्जी है. इसमें प्रोटीन के अलावा विटामिन ए, विटामिन के और विटामिन सी पाया जाता है जो इम्यूनिटी को मजबूत करता है और आंखों की रोशनी को बढ़ाता है.










