आदिपुरुष सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. फिल्म के रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर दर्शकों के अलग-अलग तरह के रिएक्शन आ रहे हैं. कई जहां फिल्म में कृति-प्रभास के काम की तारीफ कर रहे हैं तो कई लोगों ने फिल्म के डायलॉग पर सवाल उठाए हैं.
मुंबईः साउथ सुपरस्टार प्रभास, कृति सेनन (Kriti Sanon), सैफ अली खान (Saif Ali Khan) और सनी सिंह स्टारर ‘आदिपुरुष’ सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. फिल्म को देखने के बाद कई दर्शक इसे मॉडर्न रामायण कह रहे हैं. वहीं फिल्म देख चुके कई दर्शक सोशल मीडिया के जरिए फिल्म के डायलॉग्स पर सवाल खड़े कर रहे हैं. यूजर्स का कहना है कि फिल्म में प्रभास की एक्टिंग तो बहुत अच्छी है, लेकिन वीएफएक्स और कई जगह पर डायलॉग काफी निराशाजनक हैं. फिल्म के कई डायलॉग्स पर यूजर्स ने नाराजगी भी जताई है.
सोशल मीडिया पर कई यूजर फिल्म के डायलॉग्स की खुलकर आलोचना कर रहे हैं. यूजर्स का कहना है कि मॉडर्न रामायण दिखाने के चक्कर में फैक्ट्स के साथ भी मेकर्स ने काफी छेड़छाड़ की है और फिल्म छपरी डायलॉग्स से भरी है. कई जगह ऐसा लगता है कि मेकर्स को शालीन भाषा का प्रयोग करना चाहिए था, लेकिन ‘बाप और लंगा लगा देंगे’ जैसे शब्द सुनकर नेटिजंस काफी निराश हैं. हम आपको ‘आदिपुरुष’ के कुछ ऐसे ही छपरी डायलॉग्स के बारे में बताएंगे, जिसने दर्शकों के बीच हलचल पैदा कर दी है.
फिल्म के एक सीन में, इंद्रजीत बजरंगबली की पूंछ में आग लगाने के बाद कहते हैं- ‘जली ना? अब और जलेगी… बेचारा जिसकी जलती है, वही जानता है.’
बजरंगबली, इंद्रजीत से- ‘कपड़ा तेरे बाप का, आग तेरे बाप की, तेल तेरे बाप का, जलेगी भी तेरे बाप की…’
रावण का एक राक्षस सैनिक बजरंगबली को अशोक वाटिका में बात करते देखने के बाद कहता है- ‘तेरी बुआ का बगीचा है क्या जो हवा खाने आ गया…’
बजरंगबली- ‘जो हमारी बहनों को हाथ लगाएंगे, उनकी लंका लगा देंगे…’
लक्ष्मण पर वार करने के बाद इंद्रजीत कहता है- ‘मेरे एक सपोले ने तुम्हारे इस शेष नाग को लंबा कर दिया. अभी तो पूरा पिटारा भरा पड़ा है.’
विभीषण एक सीन में लंकेश से – ‘भैया… आप अपने काल के लिए कालीन बिछा रहे हैं.’
लंकेश, राघव से- ‘अयोध्या में तो वो रहता नहीं. रहता तो वो जंगल में है. और जंगल का राजा शेर होता है. तो वो कहां का राजा है रे.’
आदिपुरुष में प्रभास, कृति सेनन, सैफ अली खान के अलावा सनी सिंह, सोनल चौहान भी अहम भूमिका में हैं. ओम राउत के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म 500 करोड़ रुपए के भारी-भरकम बजट में बनाई गई है. फिल्म में प्रभास ने भगवान राम, कृति ने माता सीता और सैफ अली खान ने लंकेश का किरदार निभाया है.








