अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालु लेंगे बनारसी पूड़ी-कचौड़ी और ठंडाई का स्वाद, चखेंगे सबकुछ मुफ्त

Spread the love

अमरनाथ यात्रा को लेकर तैयारियां की जा रही हैं. एक जुलाई से शिव भक्त बाबा बर्फानी की यात्रा शुरू करेंगे. खास बात होगा कि इस बार शिव भक्तों को अमरनाथ यात्रा के दौरान बनारस के मशहूर जायके भी चखने को मिलेंगे. इसके लिए बाबा विश्वनाथ की नगरी बनारस से 100 सेवादारों का जत्था अगले दो दिन बाद वहां के लिए रवाना होगा.

यह सेवादार अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बनारसी पूड़ी-कचौड़ी, ठंडाई और पान का स्वाद चखने के लिए पेश करेंगे. इसके लिए पहलगाम के रास्ते पहले पड़ाव यानी चंदनवाड़ी पर कैंप लगाया जाएगा. श्री काशी विश्वनाथ सेवा समिति इस कैंप को चलाएगी.

समिति के अध्यक्ष और समाजसेवी दिलीप सिंह बंटी ने बताया कि पूरे एक महीने तक श्रद्धालुओं को बनारसी व्यंजन परोसा जाएंगे. इसमें पूड़ी-कचौड़ी, पान और ठंडाई के अलावा पाव भाजी, इडली-डोसा सहित अन्य व्यंजन शामिल रहेंगे. इस कैंप में रहने और खाने-पीने की व्यवस्था पूरी तरह नि:शुल्क होगी.

दिलीप सिंह ने बताया कि सेवादारों की टीम में कुक (रसोइया), इलेक्ट्रिशियन, वॉलंटियर के अलावा संगठन के लोग भी शामिल होंगे. हर दिन कैंप में 2 से 3 हजार लोगों के मुफ्त भोजन और नाश्ते की व्यवस्था होगी. इसके अलावा, 300 लोग इस कैंप में ठहर सकेंगे. इसके लिए वहां कैंप लगाने का काम शुरू हो गया है.

बता दें कि, पिछले 23 साल से बनारस के सेवादार वहां भक्तों और श्रद्धालुओं को मुफ्त में बनारसी व्यंजन का स्वाद चखाते आ रहे हैं.

 

Author