रोहित शर्मा की अगुअवाई वाली भारतीय टीम को लंबे समय से वर्ल्ड कप टाइटल का इंतजार है. टीम ने अंतिम बार 2011 में एमएस धोनी की कप्तानी में घर पर हुए वर्ल्ड कप का खिताब जीता था. एक बार फिर वर्ल्ड कप घर में होने जा रहा है. टूर्नामेंट के मुकाबले 5 अक्टूबर से 19 नवंबर के बीच खेले जाने हैं. मेजबान होने के नाते भारतीय टीम को दावेदार बताया जा रहा है. इस बीच टीम के लिए बुरी खबर आ रही है. बैक की चोट से जूझ रहे श्रेयस अय्यर शायद ही वर्ल्ड कप तक फिट हो सकें. उन्हें सर्जरी तक करानी पड़ी थी. ऐसे में बीसीसीआई उनके 2 बैकअप तैयार कर रहा है. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह से लेकर ऋषभ पंत तक लंबे समय से बाहर चल रहे हैं. केएल राहुल भी सर्जरी के बाद एनसीए में रिहैब कर रहे हैं.
इनसाइड स्पोर्ट्स की खबर के अनुसार, श्रेयस अय्यर को लेकर अभी भी संशय बना हुआ है. इस कारण उनकी जगह सूर्यकुमार यादव और संजू सैमसन को तैयार किया जा रहा है. दोनों स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ अच्छा खेलते हैं. बीसीसीआई के एक अधिकारी ने बताया कि केएल राहुल की रिकवरी अच्छी चल रही है. वे लगभग एक महीने में फिट हो जाएंगे. अय्यर की प्रगति धीमी है, हमें अब भी उम्मीद है कि वह वर्ल्ड कप तक ठीक हो जाएंगे. लेकिन अभी इस पर कुछ पक्का नहीं कहा जा सकता है. मेडिकल टीम अय्यर को लेकर आश्वस्त नहीं है.
एशिया कप होगा अहम
अधिकारी ने बताया कि केएल राहुल वर्ल्ड कप से पहले कुछ मुकाबले खेल सकते हैं. एशिया कप उनके लिए एक अच्छा मौका है. लेकिन 100 फीसदी फिट होने पर ही उन्हें टीम में मौका मिलेगा. आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में उनके फिटनेस को देखा जा सकता है. इस बीच खबर आ रही है कि जसप्रीत बुमराह ने भी एनसीए में गेंदबाजी शुरू कर दी है. वे भी एशिया कप से वापसी कर सकते हैं. पंत को लेकर कोई बड़ी अपडेट नहीं है, लेकिन शायद ही वे वर्ल्ड कप खेल सकें.
एशिया कप के मुकाबले 31 अगस्त से पाकिस्तान और श्रीलंका में होने हैं. टीम इंडिया के पास टूर्नामेंट से वर्ल्ड कप की तैयारी का अच्छा मौका है. पाक टीम को भी कई दिग्गज टूर्नामेंट का दावेदार बता रहे हैं. इसके अलावा टीम इंडिया वर्ल्ड कप से पहले घर पर ऑस्ट्रेलिया से 3 मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी.










