दुनियाभर में डायबिटीज एक गंभीर बीमारी है. अनहेल्दी लाइफस्टाइल और गलत खान-पान से आजकल ये आम हो गई है. इसलिए डायबिटीज के मरीजों को सबसे ज्यादा अपने खान-पान पर ही ध्यान देना होता है. क्योंकि खाने में इनकी हल्की सी लापरवाही ही ब्लड में शुगर लेवल को बढ़ा देती है. बता दें कि, ऐसा जरूरी नहीं है कि सिर्फ मीठा खाने से ही शुगर लेवल बढ़े, कई चीजें मीठी ना होने के बाद भी ब्लड में शुगर की मात्रा को बढ़ाती हैं. इसलिए बेहतर है कि अपने डाइट में बदलाव लाएं. हेल्दी भोजन करें, ताकि सेहत को दुरुस्त रखा जा सके. आइए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज कन्नौज के डाइटिशियन एवं डायबिटीज एजुकेटर रोहित यादव से जानते हैं डायबिटीज के मरीजों को किन चीजों को खाने से बचना चाहिए.
डायबिटीज में इन चीजों के सेवन से बचें
मैदे से बनी चीजों से बनाएं दूरी: डायबिटीज के मरीजों को भूलकर भी मैदे से बनी चीजों को नहीं खाना चाहिए. क्योंकि डायबिटीज के लिए मैदा बेहद खतरनाक मानी जाती है. यह चीनी की तरह ही ब्लड में शुगर की मात्रा को बढ़ाने का काम करती है. इसलिए मैदे से बनी चीजों को खाने की गलती नहीं करना चाहिए. यदि आप ऐसा करते हैं तो आपका ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल से बाहर हो सकता है.
रिफाइंड फूड्स खाने से बचें: डायबिटीज में रिफाइंड फूड्स का भी सेवन करने से बचना चाहिए. कोशिश करें कि ऐसे फूड आइटम को खाने से बचें जो रिफाइन कर दिया जाता है. इसके लिए चाहें सफेद चावल हों, गेहूं का आटा हो या फिर बेसन ही क्यों ना हो. यदि इन चीजों को रिफाइन करके भोजन बनाया गया है तो उसको ना ही खाएं तो बेहतर है. ऐसा करने से खून में शर्करा की मात्रा बढ़ सकती है.
जूस पीने के बजाह फल खाएं: डायबिटीज के मरीजों को चाहिए कि वह जूस पीने के बजाय फल का सेवन करें. ऐसा करने से ब्लड में शुगर लेवल को कम करने में मदद मिलेगी. बता दें कि, फलों में मौजूद शुगर जूस के माध्यम से शरीर में जाकर तेजी से अवशोषित होने लगती है, जिससे खून में शर्करा का स्तर तेजी से बढ़ता है. वहीं यदि आप फलों का सेवन करते हैं तो शुगर धीरे-धीरे अवशोषित होती है. इससे शुगर कंट्रोल में रहता है.
इन चीजों पर करें फोकस
मिक्स सलाद खाएं: डायबिटीज के मरीजों को मिक्स सलाद जरूर खाना चाहिए. यह शुगर को कंट्रोल करने के साथ-साथ कई पोषक तत्वों का भी अच्छा स्रोत माना जाता है. ऐसे में इसको खाने से शरीर को कई जरूरी पोषक तत्वों की पूर्ति होती है. इसके अलावा, मिक्स सलाद को खाने से डायबिटीज के मरीजों की कब्ज संबंधी शिकायत भी दूर होती है.
साबुत अनाज-दालें खाएं: डायबिटीज में साबुत अनाज और दालों का सेवन फायदेमंद माना जाता है. इसलिए इन मरीजों को अपनी डाइट में साबुज अनाज जरूर शामिल करना चाहिए. क्योंकि गेहूं और चावल जैसे ज्यादातर अनाज के ऊपरी छिलके में ही अधिक पोषक तत्व पाए जाते हैं. यदि आप इसका आटा बनाते हैं तो ये जरूरी चीज हट जाती है. इसलिए साबुत अनाज और दालों का सेबन फायदेमंद रहता है. इससे ब्लड में शुगर की मात्रा कम हो सकती है.









