1 क्विंटल 46 किलो गांजा जब्त,एक गांजा तस्कर गिरफ्तार, जब्त गांजे की कीमत 14 लाख रुपए से ज्यादा

Spread the love

बालोद जिला पुलिस ने अलग-अलग मामलों में गांजा जब्त किया है। एक मामले में 1 क्विंटल 37 किलो और दूसरे मामले में 9 किलो गांजा समेत कुल 1 क्विंटल 46 किलो गांजा जब्त किया गया है। पुलिस ने एक गांजा तस्कर को भी गिरफ्तार किया है। पुरूर और दल्लीराजहरा थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई है। दोनों मामलों में जब्त गांजे की कुल कीमत 14 लाख रुपए से ज्यादा है।

जानकारी के मुताबिक, पुरूर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक- 30 में वाहन चेकिंग की जा रही थी। यहां एक स्विफ्ट कार संदिग्ध रूप से गुजरती हुई दिखाई दी। आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश करने लगे। भागते-भागते वह बालोद थाना क्षेत्र में जा पहुंचे और घोटिया चौक के पास गांजे को गाड़ी में लॉक कर आरोपी फरार हो गए।

पुलिस आरोपियों का पीछा करते-करते यहां पहुंची। संदिग्ध कार की लॉक को खुलवाया गया। गाड़ी की तलाशी लेने पर इसमें से 1 क्विंटल 37 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा जब्त कर लिया है। जब्त गांजे की कीमत 13 लाख 70 हजार रुपए है। स्विफ्ट कार कीमत 2 लाख 70 हजार को भी जब्त कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र से 9 किलो गांजा भी जब्त
वहीं दल्लीराजहरा क्षेत्र से एक आरोपी 9 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी का नाम रवि सिंह (28 वर्ष) है, जो वार्ड क्रमांक- 4 दल्लीराजहरा का रहने वाला है। आरोपी के पास से उसकी बाइक कीमत 1 लाख 40 हजार रुपए भी जब्त की गई है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक डॉक्टर जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि बालोद, दल्लीराजहरा थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में गांजा पकड़ा गया है।

 

Author