छ्त्तीसगढ़ के बीजापुर जिले और पड़ोसी राज्य तेलंगाना-महाराष्ट्र में भारी बारिश हो रही है। जिससे छोटे-बड़े नदी-नाले उफान पर हैं। इन तीनों राज्यों को जोड़ने वाली सड़क भी अब जलमग्न जो गई है। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है। ऐसा बताया जा रहा है कि, पिछले 24 घंटों से छत्तीसगढ़ का बीजापुर के रास्ते तेलंगाना और महाराष्ट्र से संपर्क टूटा हुआ है। यदि अब भी बारिश नहीं थमी तो ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी।
दरअसल, बीजापुर जिले के भोपालपट्टनम ब्लाक मुख्यालय से 15 किमी दूर महाराष्ट्र के सोमनपल्ली को जोड़ने वाली सड़क जलमग्न हो गई है। वहीं तेलंगाना मार्ग पर गंगाराम के नजदीक जलस्तर बढ़ने से सड़क डूब गई है। जिसकी वजह से अंतरराज्यीय मार्ग पर बीजापुर से गुजरने और इस तरफ आने वाली वाहनों के पहिए थम गए हैं। दोनों तरफ वाहनों की कतार लगने से यात्रियों की भी परेशानी बढ़ गई है।
इस मार्ग से बीजापुर से हैदराबाद के लिए 4 और महाराष्ट्र रुट पर 3 बसें नियमित चलती हैं। बाढ़ के चलते देर शाम से बसों के पहिये थमे हुए है। यात्रियों का कहना है कि, गंगाराम के नजदीक मार्ग बाधित होने से पूरी रात वे फंसे रहे। सुबह भी मार्ग बहाल न होने से कई मुसाफिर पैदल पहाड़ों के रास्ते एक छोर से दूसरे छोर जाने के लिए लिए निकले थे। नदी-नालों का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में समस्या और अधिक बढ़ने लगेगी।











