बिलासपुर के खूंटाघाट बांध से शहरवासियों को चौबीसों घंटे पानी सप्लाई का दावा एक बार फिर फेल हो गया है। 39 महीने लेट हो जाने के बाद प्रोजेक्ट को 30 जून तक पूर्ण करने कहा गया था। उसी हिसाब से नगर निगम प्रशासन ने जुलाई में सप्लाई शुरू करने का दावा किया था, जो कोरा साबित हो गया। पानी की बचत तथा ट्यूबवेल को बंद कर बांध पर आधारित 301 करोड़ की अमृत मिशन योजना 6 बार एक्सटेंशन के बावजूद अब तक पूरी नहीं हो पाई है।
आलम यह है कि पाइप लाइन बिछाने का काम अब भी चल रहा है। इन दिनों वीआईपी मूवमेंट वाले छत्तीसगढ़ भवन के ठीक सामने पाइप लाइन बिछाने के लिए खुदाई की जा रही है। यहां पाइप लाइन बिछाने के बाद घनी आबादी वाले तैयबा चौक के पास खुदाई की जाएगी। दरअसल यह इंटर कनेक्शन का छूटा हुआ काम है, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत शहर में 276 किलोमीटर डिस्ट्रिब्यूशन पाइप लाइन और खूंटाघाट से बिरकोना ट्रीटमेंट प्लांट तक पानी लाने, शहर की 22 पानी टंकियों को जोड़ने इंटर कनेक्शन को मिलाकर करीब 27 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाई जानी थी, मगर यह कार्य अब तक चल रहा है।
2020 में ही सप्लाई शुरू हो जानी थी
अमृत मिशन योजना के अंतर्गत प्रारंभिक सर्वे के मुताबिक 56251 घरों में बांध का उपचारित पानी सप्लाई करना था। चौबीसों घंटे सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए बिरकोना ट्रीटमेंट प्लांट में दो बड़ी पानी टंकियां जिनकी क्षमता क्रमश: 20.90 एवं 46.80 लाख लीटर है, का निर्माण किया गया है। इनके जरिए शहर की 22 टंकियों से सप्लाई की जानी है। ठेके की शर्तों के मुताबिक प्रोजेक्ट का काम 3 अप्रैल 2020 तक पूर्ण हो जाना था, परंतु पांच बार एक्सटेंशन देने के बावजूद कार्य पूर्ण नहीं हो पाया। आखिरी बार 30 जून तक का एक्सटेंशन ठेका कंपनी इंडियन ह्यूम पाइप को दिया गया था। वर्तमान में बिना एक्सटेंशन के ठेकेदार कार्य कर रहा है। कार्य में परिवर्तन करते हुए हाउस कनेक्शन की संख्या 56 हजार से घटा कर 32235 कर दी गई है।
नई डेडलाइन नहीं, अगस्त तक सप्लाई का अनुमान
अमृत मिशन योजना के अंतर्गत पार्ट 2 का प्रभार देख रहे कार्यपालन अभियंता प्रवीण शुक्ला कहना है कि 16 टंकियों को अमृत मिशन की पाइप लाइन से जोड़ा जा चुका है। 6 टंकियों को जोड़ने तथा इनकी टेस्टिंग करना बाकी है। पानी सप्लाई की नई डेडलाइन अभी नहीं दी गई है। अनुमान है कि अगस्त महीने से चौबीसों घंटे पानी सप्लाई शुरू की जा सकेगी। प्रोजेक्ट के काम में निरंतर लेटलतीफी के कारण ठेका कंपनी पर प्रतिदिन 30 हजार रुपए के हिसाब से पेनाल्टी लगाई जा रही है। अब तक कंपनी पर 80 लाख की पेनाल्टी लगाई जा चुकी है।









