टाटीबंध फ्लाईओवर में भिलाई-आरंग जाने वाले वाहनों को एंट्री, ​रायपुर-बिलासपुर का प्रवेश बंद

Spread the love

टाटीबंध फ्लाईओवर का भले ही औपचारिक शुभारंभ नहीं कि​या गया, लेकिन लोगों की जरूरत को देखते हुए चालू कर दिया गया था। अब अचानक ही रायपुर और बिलासपुर के वाहनों की एंट्री रोक दी गई है। यानी भिलाई से रायपुर की ओर आने वाले वाहनों और बिलासपुर से आरंग की ओर जाने वाले ट्रैफि​क की एंट्री फ्लाईओवर पर बंद कर दी गई है।

केवल भिलाई से आरंग और आरंग से आने वाले वाहनों को भिलाई की ओर जाने के लिए फ्लाईओवर से गुजरने दिया जा रहा है। इसकी वजह रांग साइड बतायी जा रही है। रायपुर की ओर से भिलाई और बिलासपुर की ओर से आरंग जाने वाला ट्रैफिक रांग साइड ही फ्लाईओवर पर दौड़ने लगा था।हादसे के खतरे को देखते हुए फिलहाल अस्थायी डिवाइडर लगाकर इन दोनों ओर के रास्ते को बंद कर दिया गया है।

दरअसल टाटीबंध चौक की हालत लगातार बारिश से बदतर हो चुकी है। चौक पर इतने गड्ढे हो चुके हैं कि बाइक से भी गुजरना मुश्किल हो गया है। यही वजह है कि बिलासपुर से आकर आरंग की ओर जाने वाला ट्रैफिक रांग साइड ही फ्लाईओवर पर चढ़कर चौराहे को पार कर रहा था। इसी तरह रायपुर से भिलाई की ओर जाने वाले कई वाहन चालक रांग साइड ही फ्लाईओवर पर वाहन दौड़ा रहे थे। इससे चौराहे पर हादसे का खतरा पैदा हो गया था। ट्रै​फिक और एनएचएआई के अफसरों ने स्थिति​ की समीक्षा के बाद तय किया कि जब तक चौराहे की गड्ढों वाली सड़क को पूरी तरह से सुधारा नहीं जाएगा तब तक रायपुर और बिलासपुर की ओर वाले फ्लाईओवर के ​हिस्से को खोला नहीं जाएगा।

टाटीबंध चौक से रोजाना गुजरते है 45 हजार वाहन
एनएचएआई के सर्वे के अनुसार टाटीबंध चौक से रोज करीब 45 हजार वाहन गुजरते हैं। चौक पर शाम के वक्त अधिक जाम लगता था। स्थिति ऐसी हो जाती है कि रायपुर और भिलाई की ओर आने-जाने वाले चारपहिया वाहनों को चौक को पार करने में आधे घंटे से अधिक समय लग जाता था। नंदनवन वाले मोड़ तक वाहनों की कतार लगी रहती है।

रायपुर और बिलासपुर की ओर है वन-वे
टाटीबंध फ्लाईओवर का निर्माण चौराहे से ट्रैफिक के प्रेशर को कम करने किया गया है। रायपुर-बिलासपुर रूट को वन-वे रखा गया है। ब्रिज का निर्माण वाय शेप में किया गया है। डिजाइन के अनुसार आरंग की ओर से आकर भिलाई और भिलाई की ओर से आकर आरंग जाने वाला ट्रैफिक दोनों ओर से आएगा-जाएगा। लेकिन रायपुर से भिलाई की ओर जाने वाले फ्लाईओवर का उपयोग नहीं कर सकेंगे।

उन्हें फ्लाईओवर के नीचे वाली सड़क से चौराहा पार कर भिलाई की ओर जाना होगा, लेकिन भिलाई की ओर से आने वाला ट्रैफिक फ्लाईओवर का उपयोग करेगा। इसी तरह आरंग से आकर खमतराई होते हुए बिलासपुर जाने वाले वाहन फ्लाईओवर से गुजरेंगे, लेकिन बिलासपुर से आकर आरंग की ओर जाने वाले वाहनों को फ्लाईओवर के नीचे से ही गुजरना होगा। अभी वाहन चालक वन-वे में ही रांग साइड आ-जा रहे थे। वन-वे में दोनों ओर के वाहनों के आने जाने से हादसे का खतरा था।

 

Author