बिलासपुर में कॉलोनी की सड़क को जबरिया बंद करा दिया गया है, जिसके कारण वहां रहने वाले लोगों को आने-जाने में दिक्कतें हो रही है। आरोप है कि रास्ते को कांग्रेस नेताओं और पूर्व मेयर के दबाव में बंद किया गया है। मामले की शिकायत पर राजनीतिक दबाव के चलते निगम कमिश्नर ने भी हाथ खींच लिया है। ऐसे में पीड़ित लोगों ने AICC महासचिव कुमार सैलजा से गुहार लगाई है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शिवम एनक्लेव और मिनोचा कॉलोनी का है।
शहर की सबसे पॉश कालोनियों में शुमार उस्लापुर रोड की मिनोचा कॉलोनी में पिछले कुछ दिनों से तनाव की स्थिति बनी हुई है। मिनोचा कॉलोनीवालों ने शिवम एनक्लेव के मेन गेट को ही बंद कर दिया है। वहीं कॉलोनी के उद्यान में भी शिवम एनक्लेव के लोगों का प्रवेश बंद करने की सूचना चस्पा कर दी है। जिसके कारण कॉलोनीवालों का आना-जाना बंद हो गया है और लोग परेशान हैं। पीड़ित लोगों ने नगर निगम कमिश्नर कुणाल दुदावत से इसकी शिकायत भी की थी। शिवम एनक्लेव का निर्माण हाल ही में हुआ है और वहां 51 फ्लैट हैं। वहीं मिनोचा कॉलोनी का निर्माण 1980 में हुआ है। वहां 70 लोगों के बंगले हैं।
पूर्व मेयर के दबाव में आए निगम कमिश्नर
शिवम एनक्लेव के अनिल कुमार सोनी, बालकृष्ण आडवानी और प्रशांत मोकाशे सहित कॉलोनीवासियों ने इस पूरे मामले में राजनीतिक हस्तक्षेप कर गेट में दीवार खड़ी करने को लेकर AICC महासचिव कुमारी सैलजा से शिकायत की है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया है कि निगम कमिश्नर कांग्रेस नेताओं के दबाव में है और कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। लोगों ने कांग्रेस नेताओं से मदद मांगी, तब उन्होंने भी हाथ खड़े कर दिए। राजनीतिक दबाव के चलते कलेक्टर-एसपी भी शिकायत पर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश प्रभारी सैलजा से राजनीतिक लोगों पर हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
निगम कमिश्नर ने दी थी चेतावनी फिर खींच लिया हाथ
बताया जा रहा है कि शिवम इन्क्लेव कॉलोनीवासियों की शिकायत पर कमिश्नर कुणाल दुदावत ने पहले कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया था। साथ ही उन्हें रास्ता बंद कर बनाई गई दीवार को तोड़ने की चेतावनी भी दी थी। लेकिन, कांग्रेस नेता और पूर्व मेयर राजेश पांडेय के हस्तक्षेप के बाद उन्होंने भी हाथ खींच लिया है, जिसके कारण अब स्थानीय लोगों की शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
बिल्डर से विवाद, स्थानीय निवासी भुगत रहे सजा
मिनोचा कॉलोनी वेलफेयर सोसायटी के सदस्य एवं पूर्व मेयर राजेश पांडे का आरोप है कि शिवम एनक्लेव के बिल्डर ने 48 फ्लैट का नक्शा पास करवाकर 51 फ्लैट बना दिया है। शुरू में मटेरियल डंप करने के नाम पर मिनोचा कॉलोनी से रास्ता लिया गया था उन्होंने बताया कि उनकी कॉलोनी के रास्ते से अभी भी अटल आवास के लोग आते-जाते हैं, जिन्हें कोई रोकने-टोकने वाला नहीं है। लेकिन, शिवम एनक्लेव के बिल्डर ने यह कहकर रास्ता लिया कि यह इमरजेंसी गेट रहेगा।









