2018 में कांग्रेस से निष्कासित हुए, 2021 में भाजपा में आए देवलाल को टिकट

Spread the love

डौंडीलोहारा विधानसभा सीट से भाजपा ने जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष देवलाल ठाकुर को प्रत्याशी घोषित किया है। गुरुवार को राष्ट्रीय स्तर पर बैठक होने के बाद पार्टी ने प्रदेश के 21 विधानसभा के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी की है। जिसमें बालोद जिले का डौंडीलोहारा सीट भी शामिल है।

कांग्रेस से निष्कासित होने के बाद दो साल 7 माह पहले ही देवलाल भाजपा में शामिल हुए थे। तब से चर्चा चल रही थी कि पार्टी इन्हें टिकट दे सकती है। कांग्रेस की ओर से अभी किसको टिकट मिलेगी, यह तय नहीं है। अक्टूबर के पहले सप्ताह में आचार संहिता लगना प्रस्तावित है। जिसके बाद प्रत्याशी तय होने का अनुमान है। छमुमो भी यहां से हर चुनाव में अपना प्रत्याशी उतारती आ रही है। डौंडी लोहारा विधानसभा की बात करें तो यहां की विरासत और सियासत पिछले 6 दशक से सिर्फ भेड़िया और टेकाम परिवार के इर्द-गिर्द ही रही है। अधिकांश बार भाजपा व कांग्रेस एक ही परिवार पर दांव लगाती आ रही थी। पिछले बार भी भाजपा ने टेकाम परिवार को ही टिकट दिया था। जबकि कांग्रेस ने विधायक अनिला भेड़िया पर दोबारा दांव लगाया था और सफलता भी मिली। वर्ष 1957 में इस सीट पर पहली बार विधिवत आम चुनाव हुआ था, तब टेकाम परिवार की झमित कुंवर पहली विधायक बनीं। इसके बाद झुमुकलाल भेड़िया 1962 से 1985 तक लगातार पांच बार विधायक रहे। फिर 1992 में छठवीं बार विधायक बने। फिर उनकी पत्नी साज भेड़िया को टिकट मिली, जिन्हें छमुमो के जनकलाल ने हराकर जातिवाद को रोकने में कामयाबी पाई। इस बार मुकाबला दिलचस्प रहने का अनुमान है।

 

Author