लगातार सुनने को मिल रहा था। भाजपा सुस्त पड़ी है….कुछ कर नहीं रही…कोई आंदोलन नहीं…कोई विरोध नहीं…और अचानक प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में भाजपा के सेंट्रल कमेटी की बैठक हुई और 21 नाम आ गए। ये नाम बड़े सधे हुए हैं। इतने ज्यादा कि जातिगत समीकरणों को देखते हुए सामान्य सीटों पर भी आदिवासी और ओबीसी के उम्मीदवार उतारे गए। बहरहाल, भाजपा टिकट वितरण में कांग्रेस से 21 हो गई। नाम जिताने वाले लाए हैं, लेकिन विरोध और विद्रोह राजनीति के ऐसे दो शब्द हैं, जो जिसके परे राजनीति हो ही नहीं पाती।
भारतीय जनता पार्टी ने तीन महीने पहले टिकट घोषित कर ऐलान कर दिया कि हम तैयार हैं। हमारी तैयारी बहुत पहले से है। आमतौर पर ऐसा भाजपा कभी नहीं करती। अब तक तो नहीं हुआ था ऐसा। विरोधी इसका एक मायने यह भी निकाल रहे हैं कि भाजपा डरी हुई है। ये उनका धर्म है और कर्तव्य भी, कि वे ऐसी बात करें, लेकिन भाजपा ने सही समय पर शुरुआत की है।
कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रायपुर से साइंस कॉलेज मैदान में सभा के बाद लगातार अमित शाह के दौरे और प्रभारी, सहप्रभारी समेत संगठन का एक्टिव होना हलचल को दिखा रहा था। जिस दिन नामों की घोषणा हुई, उसी दिन सीतापुर में बृजमोहन अग्रवाल ने भी कांग्रेस से एक बड़ा विकेट छीन लिया। सीतापुर क्षेत्र में अनिल निराला कांग्रेस के बड़े नेता थे।
अब वे भाजपा के हो गए। बृजमोहन अग्रवाल ने 500 लोगों के साथ उन्हें भाजपा में शामिल करा लिया। कोई बड़ी बात नहीं कि सीतापुर से उन्हें ही टिकट दे दिया जाए और अमरजीत भगत के खिलाफ वे दिखें। वैसे अनिल निराला बाबा साहब के भी करीबी थे। उनकी पकड़ उरांव जाति में अच्छी है। आप मान सकते हैं इस क्षेत्र में 22वीं टिकट निराला की न हो।
जातियों का रोल
खैर, हम फिलहाल 21 सीटों की बात कर लें। भाजपा ने सीटों के डिक्लिरिएशन के बाद माहौल तो बना लिया है। जातिगत समीकरणों में ढाला गया है सीटों को। इन सीटों में ओबीसी को जिस तरह से साधा गया है, वो काबिले गौर है। ओबीसी में बहुत सारे समाज हैं। इनमें निषाद, मरार, पटेल, देवांगन, धोबी, धीवर, केंवट, कलार, सोनकर, नाई, तमेर समेत कई भाजपा के करीब माने जाते हैं। जिन 21 सीटों पर टिकट बंटी है, उनमें 11 आरक्षित सीट है और 10 सामान्य। इन 10 सामान्य सीटों में सिर्फ 1 सामान्य वर्ग का प्रत्याशी है। बाकी सभी में आदिवासी या ओबीसी या एससी।
ओपी को लेकर क्या
चौंकाने वाला तथ्य ओपी चौधरी का नाम खरसिया से नहीं आना है। इसका अर्थ है उन्हें कहीं और से लड़ाया जाएगा। चंद्रपुर से भी नाम सुनाई देता रहा है, लेकिन अगर चंद्रपुर में ओपी तो जूदेव परिवार की संयोगिता कहां से? दूसरा ओपी का नाम रायगढ़ से भी सुना जा रहा था। लेकिन रायगढ़ में चार लोगों ने तय कर लिया है, हम चारों में से किसी को मिली तो ठीक, बाहर से कोई आया, तो घर बैठकर रामायण पढ़ो…। इस स्थिति में ओपी को दिक्कत हो सकती है। बहरहाल, ये कयास है।
भाव मिला बघेल को
दूसरा बड़ा नाम है विजय बघेल का। दुर्ग से सांसद हैं। घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष हैं। पार्टी ने हाल ही में प्राइम टाइम में संसद में बोलने का मौका दिया और अच्छा वक्त दिया। उनको मिल रहे भाव से लग रहा था कि वे लड़ेंगे। पाटन से रिश्ते में चाचा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से सामना होगा। गेड़ी दौड़ के लिए तो चैलेंज किया था, अब देखना ये है कि यहां की दौड़ में कितना चैलेंज कर पाते हैं। वैसे उन्हें भी लड़ाकू माना जाता है।
सरगुजा की सियासत
अगर सरगुजा क्षेत्र की बात करें तो प्रतापपुर से शकुंतला को मजबूत कैंडिडेट माना जा रहा है। रामानुजगंज से रामविचार नेताम बड़े नाम हैं ही। बृहस्पत सिंह के लिए दिक्कत इसलिए भी है कि एक तो उन्होंने ‘बाबा’ से पंगा लिया और दूसरे रामविचार नेताम जैसे दिग्गज नेता सामने आ गए हैं। आदितेश्वर का यहां आना जाना लगातार जारी है। फिर यहां डा. अजय तिर्की भी हैं, कांग्रेस की लाइन में लगे हुए हैं।
प्रेमनगर की बात करें, तो भूलन सिंह मरावी अच्छे कैंडिडेट बताए जा रहे हैं। गोंड समाज में अच्छी पकड़ है। यहां पूर्व मंत्री तुलेश्वर सिंह की बेटी भी सक्रिय हैं। राहुल गांधी की करीबी मानी जाती हैं। अगर कांग्रेस उन्हें टिकट देती है, तो टक्कर अच्छी हो सकती है। ऐसा कहा जा रहा है। यहां से सांसद रेणुका सिंह का नाम भी चर्चा में था। रेणुका तीखे तेवर वाली नेता मानी जाती हैं। लिहाजा, वे भूलन सिंह उन्हें कितना साथ लेकर चल पाते हैं, भविष्य बताएगा।
भटगांव राजवाड़े की सीट है। पारसनाथ राजवाड़े विधायक हैं। इस सीट को भाजपा की ही सीट माना जाता है। यहां जीत के लिए भाजपा का प्रत्याशी और राजवाड़े होना पर्याप्त है, लेकिन पिछली बार भाजपा ने राजवाड़े को टिकट नहीं दी थी। रजनी त्रिपाठी को दी थी। लिहाजा हार गई। इस बार लक्ष्मी राजवाड़े सामने है।
सरगुजा क्षेत्र में लुंड्रा को लेकर कुछ सवाल जरूर उठ रहे हैं। कहा जा रहा है कि प्रबोध मिंज काे भाजपा के बाकी लोगों का साथ शायद नहीं मिलेगा, क्योंकि साल की शुरुआत में ही वे एक विवाद में घिर चुके थे। मिंज को फायदा मिलेगा उरांव क्रिश्चियन वोटर्स का। यहां अधिक हैं। यहां से संजय सिंह पैकरा या कमलभान सिंह भी दावेदारी कर रहे थे।
कोरबा में क्या होगा
सबसे दिलचस्प कोरबा होने वाला है। जयसिंह अग्रवाल के लिए अच्छी बात ये है कि तीन महीने पहले पता चल गया, दुश्मन कौन है और बुरी बात ये है कि दुश्मन ज्यादा ही सीधा-साधा मिल गया। लोकतंत्र में दुश्मन सीधा मिल जाए, तो लोग सहानुभूति ज्यादा सीधे-साधे के प्रति जता देते हैं। लखनलाल के पास ज्यादा पैसा नहीं है और जय सिंह अग्रवाल बेहद सक्षम माने जाते हैं। लखनलाल देवांगन शादी-ब्याह, छट्टी-बरही में जाकर पंगत में बैठने वाले नेता है। कटघोरा से सात बार के विधायक बोधराम कंवर जैसे दिग्गज को हराने वाले नेता हैं।
महापौर का चुनाव सीधे जीतने वाले कैंडिडेट हैं। ओबीसी हैं। व्यवहारकुशल हैं। पार्षद से शुरू हुई राजनीति विधायक तक पहुंच चुकी है। अब दोबारा मौका मिल रहा है। लिहाजा, जय सिंह अग्रवाल के पास समय इतना है कि वे अपनी किलेबंदी तगड़ी कर सकते हैं। लखनलाल देवांगन की जगह गोपाल मोदी, हितानंद अग्रवाल या नवीन पटेल इनमें से किसी को टिकट मिलती तो मुकाबला शायद आसान हो जाता। दावेदार तो ये भी थे ही। अब मुकाबला दिलचस्प होगा। पिछली लोकसभा की बात करें तो ज्योत्सना महंत 39 हजार वोटों से पीछे थी कोरबा विधानसभा से, जबकि जयसिंह अग्रवाल की जीत ही 11 हजार की है।
खुज्जी में गीता साहू जिला पंचायत अध्यक्ष है। नया चेहरा हैं। राजेंद्र पाल सिंह भाटिया एक नेता थे। पहले मंत्री थे। उनकी डेथ के बाद लक्की भाटिया सक्रिय थे। वे भी अच्छे कैंडिडेट हो सकते थे, लेकिन साहू फैक्टर ने उनकी दावेदारी खत्म कर दी। वर्तमान विधायक कांग्रेस से छन्नी साहू हैं। अगर रिपीट हुए तो साहू वर्सेस साहू की लड़ाई होगी।
खैरागढ़ में डॉ. रमन सिंह के रिश्तेदार विक्रांत सिंह को टिकट मिली है। नगर पालिका अध्यक्ष रहे हैं। जिला पंचायत उपाध्यक्ष हैं। सक्रिय राजनेता हैं। कोमल जंघेल यहां अच्छा नाम था, लेकिन हाल ही में हुए उपचुनाव में उनके नाम की बलि ली जा चुकी थी। इसलिए दोबारा मौका मिलना संभव नहीं था। इधर, मोहला मानपुर में संजीव साहा एक ही नाम थे, क्योंकि आईएएस नारायण सिंह की बेटी नम्रता सिंह की दावेदारी थी। लेकिन जातिगत समीकरणों ने खेल बिगाड़ दिया।
बस्तर में मनीराम कश्यप बेहतर नाम है। अभी जिला पंचायत उपाध्यक्ष हैं। पंच सरपंच का चुनाव लड़कर यहां तक पहुंचे हैं। सुभाऊ कश्यप एक मात्र नाम माना जाता था। उनका नाम काटकर भाजपा ने संदेश दिया है कि जहां जहां भी एक मात्र नाम माना जाता था, वो परसेप्शन बदला जाएगा।
कांकेर से आशाराम नेताम हैं। यहां से अभी आईएएस रहे शिशुपाल सोरी हैं। उनकी उम्र हो चुकी है, लिहाजा कांग्रेस उन्हें दोबारा खड़ा न करे। तो भी यहां शंकर ध्रुवा और नीतिन पोटाई जैसे नाम हैं, जो उन पर भारी दिखते हैं। लेकिन लोकतंत्र में वोट तय करेगा, कौन मजबूत है कौन कमजोर। 43 साल के आशाराम, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष हैं। इनका नाम पिछली विधानसभा में भी था। यहां से चंद्रप्रकाश ठाकुर और तारा ठाकुर भी दो दावेदार थे।
भाजपा यह मानकर चल रही है कि इन 21 सीटों में से कम से कम 15 सीटें तो वो जीतेगी ही। यानी भाजपा पिछली बार कुल जितनी सीटें लाई थी, उससे ज्यादा वो इन 21 से निकालने का दावा कर रही है। फिलहाल मैदान में अकेले तलवार चलाकर तो योद्धा बना नहीं जा सकता। तो अभी बीजेपी को तलवार लहराने दें और कांग्रेस के तलवारबाजों का इंतजार करें।








