छत्तीसगढ़ में इस बार चुनाव में बघेल बनाम बघेल की चर्चा थी ही। भाजपा ने पाटन से विजय बघेल को टिकट देकर इस पर मुहर लगा दी। दिल्ली की बैठक के बाद प्रत्याशियों की लिस्ट आई तो सबसे अधिक चर्चा पाटन सीट की रही।
ये सीट हॉट सीट इस वजह से है क्योंकि यहां से CM भूपेश बघेल चुनाव लड़ते हैं। भाजपा ने उनके सांसद भतीजे विजय बघेल को उतार दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कह रहे हैं कि हम पाटन जीतेंगे। छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री अमरजीत भगत इसे सांड और बछड़े का युद्ध बता रहे हैं।
बीती रात दिल्ली से लौटकर भारतीय जनता पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने कहा- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी इस बार पाटन से पलायन करना पड़ सकता है। जैसे उनके नेता राहुल गांधी अमेठी में सुनिश्चित हार को देखते हुए केरल के वायनाड पलायन कर गए, भूपेश बघेल भी पाटन में अपनी तयशुदा हार को देखते हुए पाटन के साथ किसी और सीट से भी चुनाव लड़ सकते हैं। क्योंकि पाटन में अब उनके लिए कोई गुंजाइश नहीं रह गई है। भाजपा आने वाले चुनाव में मुख्यमंत्री सहित पूरी कांग्रेस को हराकर एक नया इतिहास रचेगी। विजय बघेल उन्हें पहले भी हरा चुके हैं।
जवाब में छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री अमरजीत भगत ने कह दिया- ये तो सांड के सामने बछड़े को बांधने जैसा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सामने सांसद विजय बघेल बछड़े हैं। भाजपा की लिस्ट सिर्फ औपचारिकता है। कांग्रेस को कोई इससे चुनौती नहीं है। सरकार ने इतने काम किए हैं कि इस लिस्ट से फर्क ही नहीं पड़ेगा।
बैज बता रहे बकरा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिये 21 उम्मीदवारों की सूची जारी करके भाजपा ने मान लिया है कि इन 21 सीटों पर उसकी जमानत नहीं बचने वाली है। वहां पर कोई दूसरा दावेदार नहीं है इसलिये इन सीटों पर उम्मीदवार घोषित करके भाजपा चुनाव लड़ने की औपचारिकता निभा रही है। पाटन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की लोकप्रियता उनके द्वारा किये गये विकास कार्यों के सामने भाजपा के उम्मीदवार की दुर्गति होना तय है तो वहां पर विजय बघेल को बलि का बकरा बनाया गया है।
जानिए जहां भाजपा के नए उम्मीदवार आए वहां के हालात
- प्रेमनगर- वर्तमान में कांग्रेस के खेलसाय सिंह विधायक हैं। जिन्होंने बीजेपी के विजय प्रताप सिंह को हराया था। इस बार भूलन सिंह मरावी को बीजेपी ने टिकट दिया।
- भटगांव- वर्तमान में कांग्रेस के परसनाथ राजवाड़े विधायक हैं। जिन्होंने बीजेपी की रजनी त्रिपाठी को हराया था। इस बार लक्ष्मी राजवाड़े को बीजेपी ने टिकट दिया है।
- प्रतापपुर- वर्तमान में यहां से कांग्रेस के प्रेमसाय सिंह टेकाम विधायक हैं। जिन्होंने पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा को हराया था। इस बार शकुंतला सिंह पोर्थे को बीजेपी ने टिकट दिया है।
- रामानुजगंज- वर्तमान में यहां से कांग्रेस के बृहस्पत सिंह विधायक हैं। जिन्होंने बीजेपी के रामकिशुन सिंह को हराया था। इस बार रामविचार नेताम को बीजेपी ने टिकट दिया है।
- लुंड्रा- वर्तमान में यहां से कांग्रेस के डॉ. प्रितम राम विधायक हैं। जिन्होंने बीजेपी के विजयनाथ सिंह को हराया था। इस बार प्रबोध मिंज को बीजेपी ने टिकट दिया है।
- खरसिया- वर्तमान में यहां से कांग्रेस के उमेश पटेल विधायक हैं। जिन्होंने बीजेपी महामंत्री ओपी चौधरी को हराया था। इस बार महेश साहू को बीजेपी ने टिकट दिया है।
- धरमजयगढ़- वर्तमान में यहां से कांग्रेस के लालजीत सिंह राठिया विधायक हैं। जिन्होंने लिनव बिरजु राठिया को हराया था। इस बार हरिश्चंद्र राठिया को बीजेपी ने टिकट दिया है।
- कोरबा- वर्तमान में यहां से कांग्रेस के जयसिंह अग्रवाल विधायक और मंत्री हैं। जिन्होंने बीजेपी के विकास महतो को हराया था। इस बार लखनलाल देवांगन को बीजेपी ने टिकट दिया है।
- मरवाही- वर्तमान में यहां से कांग्रेस के डॉ केके ध्रुव विधायक हैं। जिन्होंने बीजेपी के डॉ गंभीर सिंह को हराया था। इस बार प्रणव कुमार मरपच्ची को बीजेपी ने टिकट दिया है।
- सरायपाली- वर्तमान में यहां से कांग्रेस के किस्मत लाल नंद विधायक हैं। जिन्होंने बीजेपी के श्याम तांडो को हराया था। इस बार सरला कोसरिया को बीजेपी ने टिकट दिया है।
- खल्लारी- वर्तमान में यहां से कांग्रेस के द्वारिकाधीश यादव विधायक हैं। जिन्होंने बसपा की मोनिका साहू को हराया था। इस बार अलका चंद्राकर को बीजेपी ने टिकट दिया है।
- अभनपुर- वर्तमान में यहां से कांग्रेस के धनेंद्र साहू विधायक हैं। जिन्होंने भाजपा के चंद्रशेखर साहू को हराया था। इस बार इंद्र कुमार साहू को बीजपी टिकट दिया है।
- राजिम- वर्तमान में यहां से कांग्रेस के अमितेश शुक्ला विधायक हैं। जिन्होंने बीजेपी के संतोष उपाध्याय को हराया था। इस बार रोहित साहू को टिकट दिया है।
- सिहावा- वर्तमान में कांग्रेस से डॉक्टर लक्ष्मी ध्रुव विधायक हैं। जिन्होंने बीजेपी के पिंकी शिवराज शाह को हराया था। इस बार श्रवण मरकाम टिकट दी गई है।
- डौंडीलोहारा- वर्तमान में यहां से अनिला भेड़िया विधायक और मंत्री हैं। जिन्होंने लाल महेंद्र सिंह टेकाम को हराया था। इस बार देव हलवा ठाकुर को टिकट दिया है।
- पाटन- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस से विधायक हैं। इन्होंने बीजेपी के मोतीलाल साहू को हराया था। इस बार पाटन से सांसद विजय बघेल को बीजेपी ने मैदान में उतारा है।
- खैरागढ़- वर्तमान में कांग्रेस विधायक यशोदा वर्मा हैं। इन्होंने भाजपा के कोमल जंघेल को हराया था। इस बार बीजेपी ने विक्रांत सिंह को टिकट दिया है।
- खुज्जी- कांग्रेस की विधायक चन्नी साहू हैं। जिन्होंने भाजपा के हीरेंद्र कुमार साहू को हराया था। इस बार बीजेपी ने गीता घासी साहू को टिकट दिया है।
- मोहला-मानपुर- कांग्रेस के इंद्रशाह मंडावी विधायक हैं। जिन्होंने बीजेपी के कंचन लाल मौर्य को हराया था। इस बार संजीव साहा को टिकट दिया है।
- कांकेर- शिशुपाल शोरी कांग्रेस के विधायक हैं। जिन्होंने बीजेपी के हीरा मरकाम को हराया था। इस बार बीजेपी ने आशाराम नेताम को टिकट दिया है।
- बस्तर- कांग्रेस के लखेश्वर बघेल विधायक हैं। जिन्होंने बीजेपी के डॉक्टर सुभाऊ कश्यप को हराया था। इस बार मनीराम कश्यप को बीजेपी ने मैदान में उतारा है।











