सांड और बछड़े पर मचा बवाल

Spread the love

पाटन विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने के बाद कांग्रेस नेताओं के बयान पर सांसद विजय बघेल ने भी पलटवार किया है। बिलासपुर में उन्होंने दैनिक भास्कर से कहा कि मेरी चुनौती है कि इस चुनाव में कांग्रेस के सारे विधायक, मंत्री और उनके राष्ट्रीय नेता आ जाए। सबको पटखनी देंगे। सांड और बछड़े के बयान में उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि सांड को मैं ही नथनी बांधूंगा। विजय बघेल ने क्या कहा पढ़िए पूरी रिपोर्ट…

सवाल: घोषणा पत्र समिति को लेकर लोगों के बीच क्या रिस्पॉन्स मिल रहा है।

जवाब: प्रदेश में हर जगह लोगों का बेहतर रिस्पॉन्स मिल रहा है। लोग खुद ब खुद पहुंचकर अपने मन की बात बता रहे हैं। साथ ही यह बता रहे है कि सरकार से वे क्या चाहते हैं। लोगों को जैसे ही पता चलता है कि भाजपा के घोषणा पत्र समिति के लोग आ रहे हैं, तो वहां अपने आप पहुंच रहे है और समस्याएं बता रहे हैं। यह आने वाले समय के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

सवाल: कांग्रेस ने भी चुनाव से पहले घोषणा पत्र पर सुझाव लिया था, क्या उसी तरह भाजपा काम कर रही है।

जवाब: कांग्रेस ने घोषणा पत्र और सुझाव लेकर लोगों से धोखा किया है, उससे प्रदेश की जनता उब गई है और लोग परेशान हैं। कांग्रेस ने घोषणा पत्र के किसी भी बिंदुओं पर सार्थक पहल नहीं की। पांच साल प्रदेश के हर वर्ग के लोग परेशान हैं। अधिकारी-कर्मचारियों की भी समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया।

सवाल: लोगों से किस तरह के सवाल और सुझाव मिल रहे हैं।

जवाब: हर वर्ग के लोग अपनी समस्याएं बता रहे हैं और संवैधानिक अधिकारों की मांग कर रहे हैं। उनसे भी वंचित होना पड़ा है और उनके साथ अन्याय हुआ है। घोषणा पत्र कागज में ही रह गया और किसी भी बिंदु पर अमल नहीं किया गया। धरातल में कोई भी चीज नहीं दिखी, जिसके कारण उन्हें सड़क पर आना पड़ा, यह बातें उनके मन में आ गई है।

सवाल: पार्टी ने आपको सीएम के खिलाफ मैदान में उतारा है, आपके लिए कितनी चुनौती रहेगी।

जवाब: मैं तो अपना सौभाग्य मानता हूं, पार्टी के प्रदेश और राष्ट्रीय नेताओं का आभार है, जिन्होंने मुझे इस काबिल समझा। इसके साथ ही पाटन क्षेत्र के समर्पित कार्यकर्ता, जनता का धन्यवाद देता हूं, जिनके प्रेम की बदौलत यह सौभाग्य मिला है। सीएम के सामने लड़ने में ही तो मजा आएगा।

सवाल: कांग्रेस के नेता कह रहे हैं सांड के सामने भाजपा ने बछड़ा छोड़ दिया है, आप क्या कहेंगे।

जवाब: मुख्यमंत्री का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि अपने आप को सांड समझ रहे हैं, उसे हम पटकेंगे। बछड़ा कहने वाले कांग्रेस के सारे नेता प्रचार में पाटन आ जाए, मेरी चुनौती है कि अभी तक मैं अपने क्षेत्र में नहीं गया हूं, लगातार लोगों के फोन आ रहे हैं। लोग उत्साहित और उमंग है वहां। कांग्रेस के सारे विधायक, मंत्री और जितने भी राष्ट्रीय नेता है उन्हें पाटन में ले आए, दावे के साथ कह रहा हूं, उनको हम पटखनी देंगे। वो ऐसा सांड है, जो बछरू को सिंग मार-मार कर सबके हिस्से को खा जाता है। किसी को खाने नहीं देता, उस सांड को मैं ही छांदूंगा(लगाम लगाऊंगा) और उसके नाक में नथैनी डालूंगा।

बघेल बनाम बघेल की है प्रदेश में चर्चा
विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रत्याशी घोषित होने के बाद पाटन विधानसभा की चर्चा पूरे प्रदेश में है। क्योंकि, इस बार सीएम भूपेश बघेल के सामने भाजपा ने उनके भतीजे विजय बघेल को चुनाव मैदान में उतार दिया है। उन्हें प्रत्याशी बनाए जाने के बाद कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी भी चल रही है।

सब्जी मंडी पहुंचे भाजपा के दिग्गज नेता, व्यापारियों से की मुलाकात
भाजपा की ओर से अपने चुनावी घोषणा पत्र के लिए विभिन्न संगठनों और आम जनता से सुझाव मांगे जा रहे हैं। शुक्रवार को बिलासपुर विधानसभा के बृहस्पति बाजार सब्जी मंडी में भाजपा के दिग्गज नेताओं ने सब्जी व्यावसायियों के सुझाव लेने उनसे मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, घोषणा पत्र समिति के संयोजक और सांसद विजय बघेल, पूर्व मंत्री और समिति के सह संयोजक अमर अग्रवाल और जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत मौजूद रहे। उन्होंने शहर के कई क्षेत्रों में जाकर अलग-अलग संगठनों से संपर्क कर उनकी राय ली और उसे पार्टी के घोषणा पत्र में शामिल करने का आश्वासन दिया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि इस अभियान को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। समिति के सदस्यों को सुझाव देने में अपनी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। पार्टी के अधिकृत पदाधिकारी सामाजिक संगठनों, समाज के प्रमुखों, व्यापारी संगठन के आलावा अलग-अलग क्षेत्र में कार्यरत समूहों से सीधा संपर्क कर सुझाव मांग रहे हैं। सांसद और समिति के संयोजक विजय बघेल ने कहा कि घोषणा पत्र के लिए मिल रहे सुझाव बहुत ही महत्वपूर्ण हैं। कांग्रेस सरकार के वादाखिलाफी को लेकर लोगों के मन में गुस्सा है।

 

Author