‘छत्तीसगढ़ में नहीं गलेगी केजरीवाल की दाल’

Spread the love

अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के दौरे को लेकर कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि, ये पंजाब नहीं है। यहां छत्तीसगढ़ियावाद चलेगा। बस्तर और सरगुजा की बात चलेगी। छत्तीसगढ़ स्वाभिमान की बात चलेगी। वे हिमाचल भी गए थे, वहां भी कोई बदलाव नहीं हुआ। अब वे छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। यहां उनकी दाल गलने वाली नहीं है।

दीपक बैज ने जगदलपुर में मीडिया से बातचीत की है। इस दौरान उन्होंने भाजपा को भी घेरा है। उन्होंने कहा कि 15-20 साल की राजनीति में पहली बार भाजपा ने चुनाव से इतने दिन पहले प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। हालांकि, इसमें आश्चर्य नहीं करना चाहिए। BJP के लिए जो सीट कमजोर है। जिन सीटों पर बीजेपी चुनाव नहीं जीत सकती। उन सीटों के लिए प्रत्याशियों की सूची पहले जारी कर दी है।

दीपक ने कहा कि, अमित शाह महीने में तीन से चार बार छत्तीसगढ़ आते हैं। कई रणनीति बना रहे हैं। लेकिन उनकी रणनीति काम नहीं आएगी। छत्तीसगढ़ में सिर्फ विकास की बात होगी। पिछले साढ़े 4 साल में प्रदेश में जिस तरह से कांग्रेस ने विकास के काम किए हैं। इसके सामने भारतीय जनता पार्टी घुटने टेक रही है। भाजपा भी चाहे जितनी रणनीति बना ले वो फीकी रहेगी।

बूथ से लेकर ब्लॉक स्तर पर लेंगे बैठक

कांग्रेस में टिकट वितरण को लेकर दीपक बैज ने कहा कि हम बूथ से लेकर ब्लॉक स्तर तक बैठ करेंगे। कार्यकर्ताओं से, जनता से पूछेंगे। जो नाम आएंगे वह जिला और फिर प्रदेश कमेटी को जाएंगे। फिर फैसला लिया जाएगा।

 

Author