रक्षाबंधन का पर्व 30 अगस्त को मनाया जाएगा। इस बार त्योहार मनाने भाईयों के पास आने और जाने वाली बहनों को ट्रेनों के कैंसिल होने से परेशानी होने वाली है। ज्यातादर परेशानी उनके लिए है जो दूर से यहां आने या यहां से दूर शहर जाने वाली हैं। 30 अगस्त तक बहुत से ट्रेनें कैंसिल हैं। इसका असर पड़ेगा।
देश भर के अलग-अलग जोन में चल रहे रेल लाइन के दोहरीकरण और अन्य मरम्मत कार्यों की वजह से लंबी दूरी की कुछ ट्रेनें 30 अगस्त तक रद्द हैं। जो ट्रेनें रद्द हैं उस रूट से शहर आने या यहां से उस रूट पर जाने वाली बहनों को रक्षाबंधन पर्व मनाने में परेशानी हो सकती है।
लोकल व पैसेंजर ट्रेनें जो 200 या 300 किलोमीटर के दायरे में चल रही है, वे फिलहाल उनमें से ज्यादातर रद्द हैं, लेकिन रक्षाबंधन से पांच दिन पहले ये चालू हो जाएंगी। लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। इससे दूरदराज का सफर करने वाले परेशान होंगे।
इन ट्रेनों में सफर करना है तो इरादा बदल लें
त्योहार के तीन पहले की ट्रेनों को देखें तो लंबी दूरी की ट्रेनों में 27 अगस्त को बीकानेर-पुरी, साईंनगर शिर्डी-पुरी और पुरी-वलसाड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस। 28 अगस्त को पुरी-गांधीधाम और पुरी अजमेर एक्सप्रेस। 29 अगस्त को अमजेर-पुरी और 30 अगस्त को कुर्ला-भुवनेश्वर और पुरी-बीकानेर एक्सप्रेस रद्द रहेगी। इसलिए इस रूट पर सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी होगी।
ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट
जिस रूट की ट्रेनें रद्द हैं उस रूट पर चलने वाली अन्य ट्रेनों को परिचालन सामान्य है, भीड़ की वजह से उसमें रिजर्वेशन मिल पाना संभव नहीं हो रहा है। अभी से लोग वेटिंग टिकट लेकर बर्थ कंफर्म कराने में लग गए हैं।
कुछ अगले सप्ताह रद्द होंगी
जबलपुर जोन में निरंतर चल रहे काम को देखते हुए ऐसा अंदेशा है कि बिलासपुर जोन की कुछ ट्रेनों को अगले सप्ताह यानी राखी के पर्व के आसपास कैंसिल किया जा सकता है।









