‘JCCJ में आखिरी तक नहीं दिखेगा नो वैकेंसी का बोर्ड’

Spread the love

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जोगी) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के नेतृत्व में विरोध-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान अमित जोगी ने कहा कि पिछले साल हमने जल्दबाजी में लिस्ट जारी की थी। इस बार बीजेपी और कांग्रेस किसे टिकट देती है, ये देखने-समझने के बाद जेसीसीजे अपने प्रत्याशियों की घोषणा करेगी।

अमित जोगी ने कहा कि हमारे यहां आखिरी तक नो वैकेंसी का बोर्ड नहीं दिखेगा। जेसीसीजे प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने कहा कि मैं नहीं चाहता कि अब हमारी पार्टी का अगला कोई अध्यक्ष जोगी परिवार से हो। उन्होंने कहा कि भविष्य में संगठन के अंदर चुनाव कराकर इसका फैसला किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वे 29 अगस्त को पाटन जाएंगे और इसके बाद तय करेंगे कि बघेल वर्सेस बघेल में हमारा प्रत्याशी कौन होगा। उन्होंने कहा कि परिवार से कौन-कौन चुनाव लड़ेगा, यह पार्टी के कार्यकर्ता तय करेंगे। अमित जोगी ने कहा कि हमारी नजरें कांग्रेस और भाजपा के असंतुष्ट लोगों पर नहीं हैं, बल्कि उनकी पार्टी के लोगों की नजरें हमारी पार्टी पर हैं।

बता दें कि मंगलवार को राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों और मरवाही में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ जेसीसीजे ने विरोध-प्रदर्शन किया था। इसमें जेसीसीजे के प्रदेशाध्यक्ष अमित जोगी सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए थे। मरवाही के दुर्गा पंडाल में आयोजित विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए अमित जोगी ने कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला और उसे धोखा देने वाली सरकार बताया।

वहीं सभा के बाद अमित जोगी सैकड़ों कार्यकर्ता के साथ शांतिपूर्ण ढंग से मरवाही थाना परिसर पहुंचे। उन्होंने यहां मरवाही तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।

 

Author