दीवार पर कमल बनाना सिखा रहे असम बीजेपी के विधायक

Spread the love

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर दौरे पर पहुंचे असम बीजेपी के चार विधायकों ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की बैठक ली। विधानसभा स्तरीय मीटिंग में विधायकों ने वॉल पेंटिंग में कमल का निशान बनाकर अपने प्रत्याशियों को जीत दिलाने का संकल्प दिलाया।

असम के भाजपा विधायकों ने बिलासपुर जिले के अंतर्गत आने वाले छह में से चार विधानसभा क्षेत्रों में कमान संभाल ली है। दो विधायक व्यक्तिगत कारणों से नहीं पहुंच पाए हैं। देश के अलग-अलग राज्यों से भाजपा के विधायकों को प्रदेश की सभी 90 सीटों में बूथ प्रबंधन के साथ ही विधानसभा चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं से समन्वय बनाने के लिए भेजा गया है।

बिलासपुर पहुंचे असम के विधायक

मंगलवार को जिले के बिल्हा, कोटा, मस्तूरी और तखतपुर में असम के विधायक पहुंचे। प्रदेश भाजपा ने असम से आए विधायकों के सहयोग के लिए विधानसभावार संयोजक और सह संयोजक की नियुक्ति भी की। बिलासपुर और बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में चुनावी तैयारियों के संबंध में दूसरे चरण में अन्य प्रांत से विधायकों के आने की बात कही जा रही है।

इन विधानसभा क्षेत्रों की मिली जिम्मेदारी
कोटा -प्रमोद बोर ठाकुर
तखतपुर- सीबू मिश्रा
बिल्हा – भास्कर शर्मा
मस्तूरी – दीपायन चक्रवर्ती

विधायक कौशिक और पदाधिकारियों ने किया स्वागत
बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार की ओर से पूर्ण रूप से केंद्रीय योजनाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है। कांग्रेस सरकार का उद्देश्य लोगों की सेवा करना नहीं बल्कि जनता की जेब में डाका डालकर अपनी जेब भरना है। प्रदेश की पूरी जनता कांग्रेस सरकार की कुनीतियों से त्रस्त है, जनता का आक्रोश उबल रहा है और इस आगामी विधानसभा चुनाव में इस सरकार को करारा जवाब देने के लिए तैयार है।

विधानसभा स्तरीय कार्यसमिति की बैठक में दिए टिप्स
पदाधिकारियों से दीवार लेखन, इंटरनेट मीडिया और आईटी सेल के कामकाज की समीक्षा की। भाजपा विचार परिवार के लोगों के साथ चर्चा की। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, विधानसभा प्रभारी दुर्गा महेश्वर, विधानसभा संयोजक नरेंद शर्मा, सह संयोजक डा देवेंद्र कौशिक, मंडल अध्यक्ष, विधानसभा कार्य समिति के सदस्यों की उपस्थिति रही।

विधायक दीपायन चक्रवर्ती की मौजूदगी में 61 लोग भाजपा में शामिल
मस्तूरी विधानसभा में अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों का रुझान अब धीरे-धीरे भाजपा की ओर बढ़ने का दावा किया जा रहा है। मंगलवार को अनुसूचित जाति बाहुल्य बिनौरीडीह, किसान परसदा के बाद गतौरा के 61 अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों ने असम के विधायक के प्रवास के दौरान भाजपा में प्रवेश किया। असम के विधायक दीपायन चक्रवर्ती ने यहां जयरामनगर के गतौरा मंडल में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक ली।

उन्होंने मौजूद कार्यकर्ताओं से चुनाव में ‘मेरा बूथ- सबसे मजबूत’ अभियान पर काम करने की नसीहत दी। विधायक डॉ.कृष्णमुर्ति बांधी ने मस्तूरी में किए गए विकास कार्यों और केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि चुनाव में सभी कार्यकर्ता अधिक से अधिक मतदान कराकर भाजपा को विजय दिलाएं।

 

Author