दीपक बैज ने दिखाई PM मोदी की चर्च वाली तस्वीर

Spread the love

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और बस्तर लोकसभा सीट से सांसद दीपक बैज धर्मांतरण के मामले पर BJP पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने चर्च में मौजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुछ तस्वीरें दिखाईं और कहा कि एक तरफ भाजपा प्यार दिखा रही है और दूसरी तरफ नफरत। छत्तीसगढ़ के एक विधानसभा क्षेत्र से भाजपा ने जिसे अपना प्रत्याशी चुना है वो भी इसी धर्म का है। यदि बस्तर से नफरत है तो, आखिर ऐसा क्यों?

जगदलपुर में मीडिया से बातचीत करते दीपक ने कहा कि, बस्तर में धर्मांतरण के मामले पर भाजपा के नेता CM से लेकर विधायक और मेरे PCC चीफ बनने के बाद सिर्फ व्यक्तिगत टिप्पणी कर रहे हैं। जबकि, इनकी 15 सालों की सरकार में सबसे ज्यादा चर्च बने हैं। धर्मांतरण भी सबसे ज्यादा हुआ है। अब पूरी प्लानिंग के तहत शांत बस्तर को अशांत करने की कोशिश की जा रही है। भाजपा ने 15 साल तक अपनी सरकार चलाई। लेकिन अब उनके पास जनता के बीच जाने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है।

इन सवालों का भी दिया जवाब….

सवाल – हाल ही में नौकरी छोड़ भाजपा में शामिल हुए IAS नीलकंठ टेकाम ने सरकार पर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस की सरकार कलेक्टर्स को दबाकर रख रही है। उन्हें खुलकर काम करने नहीं दिया जा रहा है। इसलिए अफसर त्रस्त होकर नौकरी छोड़ रहे हैं। इस पर आप क्या कहेंगे?

जवाब- नीलकंठ टेकाम ने भाजपा में प्रवेश लिया है इसके लिए उन्हें बधाई। वे बस्तर में SDM, अपर कलेक्टर और कलेक्टर के रूप में काम किए हैं। उन्हें पर्याप्त अवसर मिला। यदि अब वे चुनाव लड़ना चाहते हैं तो लोकतंत्र है कोई भी लड़ सकता है। बस्तर में किसी भी कलेक्टर के ऊपर कोई भी दबाव नहीं है। सब फ्री होकर काम कर रहे हैं। दंतेवाड़ा में 6 डैनेक्स फैक्ट्री खुली। CM के साथ मिलकर जिला प्रशासन ने प्लानिंग की थी। बस्तर में बादल खुला, महारानी अस्पताल बना, कोंडागांव में मक्का प्रोसेसिंग प्लांट खुला। कहीं भी काम करने से कलेक्टर को रोका नहीं गया।

सवाल – यदि कोई भी अफसर अपनी नौकरी छोड़कर कांग्रेस में शामिल होते हैं और वे चुनाव लड़ना चाहते हैं, तो क्या कांग्रेस पार्टी उन्हें मौका देगी या पुराने कार्यकर्ताओं पर ही दाव खेलेगी?

जवाब – कलेक्टर हो या फिर कोई चपरासी, हमारे लिए सब बराबर हैं। हमारे लिए कोई छोटा या फिर बड़ा नहीं है। अगर कोई चुनाव लड़ना चाहता है तो लोकतंत्र है, उनका स्वागत है। लेकिन हमने भाजपा में गए IAS ओपी चौधरी का हाल देखा है। आज भारतीय जनता पार्टी उन्हें खरसिया से टिकट तक नहीं दी। अब यदि कोई चुनाव लड़ने का इच्छुक है तो वह हमारी पार्टी के सामने आकर इच्छा रख कर सकता है। चुनाव लड़वाना है या नहीं यह हमारी चुनाव समिति तय करेगी। आवेदन की प्रक्रिया अभी जारी है।

सवाल – दंतेवाड़ा महेंद्र कर्मा का गढ़ माना जाता है। पिछले चुनाव तक टिकट के लिए दावेदारी सिर्फ उन्हीं के परिवार के सदस्यों ने की थी। लेकिन अब 19 दावेदार सामने आए हैं। तो क्या पार्टी के लोग परिवारवाद से नाराज हैं या चेहरा बदलना चाह रहे हैं?

जवाब – हमें खुशी है कि 19 आवेदन सामने आए हैं। हमारे कार्यकर्ता भी चाह रहे हैं कि वे भी चुनाव लड़े। इतने दावेदारों का नाम आना यह सिर्फ दंतेवाड़ा की ही बात नहीं है। चित्रकोट, बस्तर, जगदलपुर अन्य जगहों से भी बहुत से दावेदारों के नाम सामने आए हैं। कर्मा परिवार ने बस्तर के लिए त्याग दिया है। इसलिए पहले भी पार्टी ने उन्हें मौका दिया है। अब जो 19 आवेदन आए हैं उन्हें चुनाव समिति देखेगी, फिर तय किया जाएगा।

दीपक के बयानों का पूर्व मंत्री ने किया पलटवार
PCC चीफ के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चर्च जाने को लेकर दिए गए बयान का अब भाजपा नेता और पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने भी पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस पर जो आरोप लग रहे हैं उसको लेकर दीपक बैज को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का सहारा क्यों लेना पड़ रहा है। वे देश के सेवक हैं। वे अपने संबोधन में कभी भी किसी धर्म के बारे में नहीं बोलते। मेरे देशवासियों कहकर संबोधित करते हैं। लेकिन,CG में कांग्रेस ने लोगों को जाति धर्म में बांट दिया है। जो गलत है।

 

Author