राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बिलासपुर पहुंचकर रतनपुर स्थित महामाया मंदिर में दर्शन कर पूजा अर्चना की। यहां से वे गुरु घासीदास यूनिवर्सिटी के 10वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हुई। साढ़े तीन घंटे बिताने के बाद वह रायपुर लौट जाएंगी। उनकी सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर अफसर और जवानों को तैनात किया गया है।
इससे पहले बिलासपुर पहुंचने पर पं. सुंदरलाल शर्मा ओपन यूनिवर्सिटी स्थित हेलीपैड पर राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने उनका स्वागत किया था। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर शहर में कुछ स्थानों पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद है। बिलासपुर-रतनपुर मार्ग को छह घंटे तक बंद किया गया है। पुलिस ने रूट चार्ट भी जारी किया है।

दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे राज्यापाल, CM और केंद्रीय राज्यमंत्री
दीक्षांत समारोह में राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह, केंद्र सरकार के शिक्षा और संस्कृति सचिव डॉ. अतुल कोठारी भी शामिल होंगे।
यूनिवर्सिटी के अधिकारी- कर्मचारियों के प्रवेश पर बैन
दीक्षांत समारोह के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। यही वजह है कि कार्यक्रम में यूनिवर्सिटी के चिह्नित अफसरों और कर्मचारियों के साथ ही प्रोफेसर ही शामिल होंगे। इसी तरह शोधार्थी और मैडल पाने वाले स्टूडेंट्स के अलावा किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यूनिवर्सिटी के अधिकारी कर्मचारियों को दफ्तर में बैठे रहने और एलईडी स्क्रीन पर समारोह देखने के निर्देश दिए गए हैं।
208 स्टूडेंट्स और पैरेंट्स होंगे शामिल
यूनिवर्सिटी ने समारोह की तैयारी पूरी कर ली है। दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले स्टूडेंट्स और पैरेंट्स की लिस्टिंग की गई है। जिसके मुताबिक 104 विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक शामिल होंगे। जिनकी संख्या 208 है।
76 स्टूडेंट्स को गोल्ड मैडल और 28 शोधार्थियों को मिलेगी उपाधि
दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक सत्र 2021-22 की कई परीक्षाओं और मेरिट में आने वाले छात्र शामिल होंगे। ऐसे शोधार्थी जो 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2022 के बीच पीएचडी उपाधि के लिए पात्र पाए गए हैं, वे शामिल होंगे। समारोह में 28 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि और 76 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल प्रदान किए जाएंगे। इसमें विश्वविद्यालय पदक, चांसलर पदक और गुरु घासीदास विश्वविद्यालय पदक और दानदाता पदक भी शामिल हैं। 76 में से 72 छात्रों को विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक दिया जाएगा। हर साल की तरह इस बार भी स्वर्ण पदक में छात्राओं ने अपना दबदबा बरकरार रखा है। इस बार 45 छात्राओं को स्वर्ण पदक मिलेंगे।
8 छात्रों को मिलेगा दो-दो मेडल
10वें दीक्षांत में 76 में से 72 छात्रों को विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक दिया जाएगा। इसके अलावा बीए एलएलबी के छात्र आयुष ताम्रकार को चांसलर मेडल मिलेगा। वहीं गुरु घासीदास पदक से बीएससी गणित के पंकज आर्य सम्मानित होंगे। एससी, एसटी मेडल दो छात्रों को दिया जाएगा। इसके अलावा 10 दानदाताओं के मेडल दिए जाएंगे। दानदाताओं के मेडल एमए पत्रकारिता, एमएससी गणित, एमबीए, एमए अंग्रेजी के एक-एक छात्र को दिया जाएगा। वहीं एमसीए, एमए अर्थशास्त्र, एमएससी फॉरेस्ट्री के दो-दो छात्रों को दानदाता मेडल दिया जाएगा।
राष्ट्रपति के साथ होगी ग्रुप फोटो
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के यूनिवर्सिटी पहुंचने के बाद पहले सभागार परिसर में कार्यपरिषद और विद्यापरिषद सदस्यों के साथ ग्रुप फोटो सेशन होगा। इसके बाद विद्यार्थियों के साथ ग्रुप फोटो सेशन होगा। इसके लिए विश्वविद्यालय में दोनों समूह के बैठने के लिए स्थान रजत जयंती सभागार के बाहर निर्धारित किया गया है। इसके बाद शोभा यात्रा शुरू होगी, जो रजत जयंती सभागार में प्रवेश करेगी।
छह घंटे ब्लॉक रहेगा बिलासपुर-रतनपुर मार्ग
शहर में राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के साथ-साथ ट्रैफिक प्लान भी जारी किया है। शहर में कुछ स्थानों पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। अलग-अलग रूटों पर आने-जाने वाले वाहन चालक को संभलकर निकलना होगा। इस दौरान बिलासपुर-रतनपुर मार्ग को छह घंटे तक बंद रखा गया है।
इन मार्गों का करें उपयोग, पुलिस ने जारी किया डायवर्सन पॉइंट और रूट चार्ट
रायपुर से रतनपुर होकर कोरबा-कटघोरा जाने वाले हल्के वाहनों के लिए पेंड्रीडीह बाईपास चौक को डायवर्सन पॉइंट बनाया गया है। यहां पेंड्रीडीह बाईपास से गुम्बर पेट्रोलपंप से लालखदान, तोरवा, मोपका तिराहा, लगरा, जांजी, से मोहरा, सेलर, डंगनिया, भाड़ी, जाली मार्ग से नेशनल हाइवे पर वाहन प्रवेश करेंगे।
कोरबा-कटघोरा से रतनपुर होकर रायपुर जाने वाले हल्के वाहनों के लिए जांजी-सेलर मोड़ को डायवर्सन पॉइंट बनाया गया है। जाली, भाड़ी, डंगनिया, सेलर, मोहरा, जांजी, से मोपका, तोरवा, लालखदान, गुम्बर पेट्रोलपंप से पेंड्रीडीह बाईपास होकर आगे वाहन जाएंगे।
तखतपुर-कोटा से सकरी-रतनपुर से कटघोरा-कोरबा जाने वाले हल्के वाहनों के लिए सकरी बाईपास को डायवर्सन पॉइंट बनाया गया है। सकरी बाईपास से गाड़ियां उस्लापुर, मंगला रेंग रोड 2, रेलवे क्षेत्र, तोरवा, मोपका तिराहा, लगरा, जांजी से सेलर, डंगनिया, भाड़ी, जाली मार्ग से आगे नेशनल हाइवे पर जाएंगी।
कोरबा-कटघोरा से रतनपुर-सकरी होकर तखतपुर-कोटा जाने वाले हल्के वाहनों के लिए जाली मोड़ को डायवर्सन पॉइंट बनाया गया है। जाली मोड़ से भाड़ी सेलर, जांजी से मोपका तोरवा, रेलवे क्षेत्र से रिंग रोड, मंगला, उस्लापुर से होकर वाहन आगे जाएंगे।
पेंड्रा-केंदा मार्ग से कटघोरा-कोरबा की ओर जाने वाले हल्के वाहनों के लिए सिल्ली को डायवर्सन पॉइंट बनाया गया है। सिल्ली से पाली होते हुए वाहन नेशनल हाइवे पर प्रवेश कर आगे जाएंगे।
पेंड्रा-केंदा मार्ग से रतनपुर होकर बिलासपुर-रायपुर-जांजगीर जाने वालों के लिए महामाया चौक रतनपुर को डायवर्सन पॉइंट बनाया गया है। वाहन महामाया चौक रतनपुर से रेस्ट हाउस रोड, जाली मोड़ से भाड़ी, सेलर, जांजी से मोपका होकर शहर में प्रवेश करेंगे. इसके बाद आगे जाने के लिए तोरवा-लालखदान वाले मार्ग से जाएंगे।
बिलासपुर शहर से रतनपुर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए महामाया चौक बिलासपुर को डायवर्सन पॉइंट बनाया गया है। यहां से वाहन सरकंडा रोड से मोपका फिर जांजी मोड़ से होते हुए सेलर, भाड़ी, जाली मोड़ होकर रेस्ट हाउस रतनपुर जा सकेंगे।
अब जानिए राष्ट्रपति दौरे का मिनट टू मिनट कार्यक्रम
आज सुबह 8.45 बजे राजभवन से एयरपोर्ट के लिए रवाना हुईं।
सुबह 9.5 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचीं
9.15 बजे एयरपोर्ट से बिलासपुर के लिए रवाना हुईं।
सुबह 10 बजे पंडित सुंदरलाल शर्मा ओपन यूनिवर्सिटी के हेलीपेड पहुंचीं
यहां से 10.40 बजे सड़क मार्ग से रतनपुर के लिए रवाना हुईं।
महामाया देवी मंदिर में पूजा अर्चना के बाद 11.35 बजे गुरु घासीदास विश्विविद्यालय पहुंचीं।
11.45 बजे से 12.30 बजे तक विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह में रहेंगी।
12.45 बजे पंडित सुंदरलाल शर्मा ओपन यूनिवर्सिटी के हेलीपेड से रायपुर रवाना
1.30 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी
1.40 बजे एयरपोर्ट से राजभवन आएंगी
1.55 बजे लंच लेंगी
शाम 4.15 बजे से 4.45 बजे तक वे यहां छत्तीसगढ़ की विशेष संरक्षित जनजाति के लोगों से मुलाकात करेंगी।
शाम 5.45 बजे राजभवन से रवाना होकर 5ः45 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगी।
शाम 5.15 बजे रायपुर से रवाना होंगी।










