रायपुर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कार्यक्रम से वापस लौट रहे पार्टी कार्यकर्ताओं का शराब पीकर बस में डांस करते हुए वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में कार्यकर्ता तिरंगा फिल्म के गाने ‘पीले-पीले ओ मोरे राजा, पीले-पीले ओ मोरे जानी..’ पर डांस करते दिखाई दे रहे हैं।
वायरल वीडियो में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के राजीव युवा मितान क्लब के सदस्य दिखाई दे रहे हैं। कार्यकर्ता राजीव मितान क्लब की टी शर्ट पहनकर बस में शराब की बोतल हाथों में लेकर नाचते नजर आ रहे हैं। बस में नाचते युवक भरतपुर सोनहत विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नागपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
दरअसल राजधानी रायपुर में 2 सितंबर को कांग्रेस नेता राहुल गांधी का दौरा था। इसमें मंत्री, विधायक समेत पूरे प्रदेश भर के कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और राजीव युवा मितान क्लब के सदस्य शामिल हुए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद राजीव युवा मितान क्लब नागपुर सेमरा (MCB) के सदस्य बस से वापस अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान सभी नशे में धुत थे। उन्होंने सीएम भूपेश बघेल की फोटो छपी हुई टी शर्ट भी पहन रखी थी, साथ ही सिर पर ब्रांडेड शराब की बोतल भी थी।
5 क्लब को किया गया था सम्मानित
राहुल गांधी के रायपुर दौरे में प्रदेशभर के राजीव युवा मितान क्लब के सदस्यों को भी बुलाया गया था। कार्यक्रम के दौरान 5 क्लबों को सम्मानित भी किया गया। इधर भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र के राजीव युवा मितान क्लब के समन्वयक अंकुर प्रताप सिंह का कहना है कि अगर कार्यकताओं ने इस तरह की हरकत की है, तो यह बिल्कुल गलत है। उन्होंने कहा कि मैं मामले की जानकारी निकलवाता हूं, अगर किसी ने ऐसी हरकत की है, तो उनसे बात की जाएगी।
बता दें कि छत्तीसगढ़ सरकार ने युवाओं को अपने-अपने क्षेत्र में सेवा का अवसर देने के मकसद से पूर्व प्रधानमंत्री के नाम पर राजीव युवा मितान क्लबों का गठन गांव-गांव में कराया है। सरकार की इच्छा थी कि युवा इन क्लबों से जुड़कर रचनात्मक कार्यों में सहभागिता निभाएंगे। बहुत से युवा अपने-अपने क्षेत्रों में अच्छा काम भी कर रहे हैं।










