शहर के अरपापार में खुलने वाला नया ट्रैफिक थाने के लिए जमीन का पेंच फंस गया है। पुलिस ने अनुसूचित जाति जनजाति यानी आजाक थाना परिसर में ट्रैफिक थाना खोलने की योजना तैयार की है, लेकिन राजस्व रिकॉर्ड में आज भी यह प्रशासन के नाम पर दर्ज है।
अब एसपी संतोष सिंह ने कलेक्टर को चिट्ठी लिखकर यहां की 0.72 एकड़ जमीन को पुलिस विभाग के नाम पर करने की बात लिखी है। उन्होंने लिखा है कि यहां की जमीन पर आजाक थाने का कब्जा है, जिसे राजस्व रिकॉर्ड से अलग करना जरूरी है।
शहर में बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए शहर में तीन नए ट्रैफिक थाने खोले जाएंगे। इसके लिए अधिसूचना जारी हो गई है। सरकंडा, तिफरा और लिंक रोड में ये थाने खुलने हैं। ट्रैफिक डीएसपी संजय साहू के मुताबिक लिंक रोड का ट्रैफिक थाना सत्यम चौक में संचालित है। सिरगिट्टी और सरकंडा में थाना खोलने की प्रक्रिया चल रही है। सरकंडा में अजाक थाने के आसपास तीन से चार दिनों के भीतर इसकी शुरुआत होगी।
उन्होंने इसका सेटअप तैयार किया है। भवन के लिए 50 लाख रुपए का बजट तैयार है। इसे आगे बढ़ाया गया है। फिलहाल शुरुआत में सरकंडा में कुछ ट्रैफिक बल भेजा जा रहा है। सिरगिट्टी में भी यही व्यवस्था बनाई जाएगी। नए थानों के लिए भवन निर्माण में समय लगेगा, तब तक अस्थाई तौर पर व्यवस्था कर थानों का संचालन शुरू किया जाएगा।
3 टीआई सहित 60 का बल चाहिए
नए थानों के लिए 3 थानेदार के अलावा एसआई, एएसआई, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल सहित 60 लोगों के बल की जरूरत पड़ेगी। संसाधनों की भी जरूरत है। एसपी संतोष कुमार के अनुसार इसकी पुलिस मुख्यालय से मांग की जाएगी। बाद में सेटअप आएगा। नए थाने खुलने से शहर जोन में बंट जाएगा और जिम्मेदारी भी तय हो जाएगी। इससे ट्रैफिक व्यवस्था सुधरेगी।
जमीन मांगी है
सरकंडा में ट्रैफिक थाने के लिए हमने प्रशासन से जमीन की मांग की है। सरकंडा में फिलहाल कुछ पुलिस स्टाफ के साथ इसकी शुरुआत होगी। आगे संख्या बढ़ाई जाएगी। सिरगिट्टी में भी जल्द ही थाना शुरू हो जाएगा।










