छत्तीसगढ़ में व्यापारियों को सस्ती मिलेगी जमीन

Spread the love

नवा रायपुर अटलनगर के सेक्टर-35 में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें ‘कॉमर्शियल हब’, एरोसिटी और ‘शहीद स्मारक’ शामिल है। इस दौरान CM ने ऐलान किया कि यहां कॉमर्शियल हब में व्यवसायियों को 540 रु. स्क्वायर फीट में जमीन दी जाएगी।

नवा रायपुर में सेक्टर-23, 24, 34, 35 और 40 में 1083 एकड़ में ‘कॉमर्शियल हब’ विकसित किया जा रहा है। इस हब का मकसद निवेश, बसाहट और कॉमर्शियल एक्टिविटी को बढ़ावा देना है। इसी के तहत कारोबारियों के लिए ऐलान किया गया है।

इसी तरह नवा रायपुर के लेयर-3 में यात्री सुविधाओं को बढ़ावा देने, एयरपोर्ट क्षेत्र के विकास और रोजगार बढ़ाने के लिए स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के पास ग्राम बरोदा और रमचण्डी के चिन्हांकित 216.63 एकड़ में ‘एरोसिटी’ विकसित की जा रही है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मौके पर अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन बहुत विशेष है क्योंकि देश के सबसे बड़े थोक व्यवसायिक बाजार का शिलान्यास आज छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में हो रहा है,जिससे राज्य के लाखों लोगों को रोजगार भी मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले भविष्य को देखते हुए ये भूमिपूजन, शिलान्यास और लोकार्पण किए जा रहे हैं। राज्य के लोगों की हमसे अपेक्षाएं थीं जिसे साकार करने के लिए हमने एक मजबूत कदम आगे बढ़ाया है।

पहले चरण में 1000 थोक व्यवसायिक दुकानों का होगा निर्माण
कॉमर्शियल हब के पहले चरण में 20 कारोबारियों को लगभग 1,000 थोक दुकानों के विकास के लिए जमीन देने का प्रावधान किया गया है। जिसमें थोक किराना, अगरबत्ती, होलसेल बारदाना, दाल मिल, पेपर ट्रेड के लिए जगह निर्धारित की गई है।

कॉमर्शियल हब के विकास के लिए राज्य सरकार ने 5 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। ‘कॉमर्शियल हब’ के सिटी लेवल के इंफ्रास्ट्रचर और पहले चरण के 125 एकड़ में विकास 195.51 करोड़ रूपए की राशि से किया जाएगा।

इस परियोजना के लिये चिन्हांकित की गई जमीन जमीन नेशनल हाईवे नं. 30 और भारत माला परियोजना के अलॉइमेंट के पास है और यहां जमीन को रेलवे कनेक्टिविटी भी है। तय की गई जमीन स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से लगभग 12 किमी. दूर है। चिन्हांकित जमीन निमोरा, उपरवारा, परसट्ठी, बेन्द्री, केन्द्री, झांकी और मुड़पार में है।

जानकारी के मुताबिक लगभग 7743 विभिन्न थोक व्यावसायिक संघों से रायशुमारी और सर्वे करने के बाद बाजार की मांग का आंकलन किया गया है, जिसके आधार पर मांग मूल्यांकन और प्रोडक्ट मिक्स निकाले गये जमीन में उपलब्धता और कमर्शियल एक्टिविटिज की प्राथमिकता के आधार पर कुल 1,083 एकड़ पर व्यावसायिक क्लस्टर अनुसार जोनिंग प्लान तैयार किया गया है, जिसका विकास चरणबद्ध रूप से किया जाएगा।

एरोसिटी में वाणिज्यिक संस्थान, शॉपिंग कॉम्पलेक्स, होटल होंगे
नया रायपुर अटल नगर के लेयर-3 में यात्री सुविधाओं को बढावा देने, एयरपोर्ट क्षेत्र के कर्मशियल डेवलपमेंट और रोजगार के लिए स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के पास एरोसिटी विकसित की जा रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गणतंत्र दिवस के मौके पर 26 जनवरी 2023 को एरोसिटी स्थापना की घोषणा की थी।

एरोसिटी के लिए नवा रायपुर के ग्राम बरोदा और रमचण्डी में लगभग 216.63 एकड़ जमीन चिन्हांकन की गई है। चिन्हांकित जमीन में निजी स्वामित्व की जमीन शामिल होने के कारण एरोसिटी परियोजना का विकास नगर विकास योजना की तर्ज पर किये जाने का निर्णय लिया गया है। पहले चरण में लगभग 24.85 एकड़, क्षेत्रफल की जमीन को विकसित किये जाने का फैसला लिया गया है।

15.45 एकड की सरकारी जमीन में 0.62 एकड़ से 3.01 एकड़ तक के 4 कमर्शियल, 0.82 एकड़ के 1 शॉपिंग कॉम्पलेक्स और 1.44 एकड़ जमी 1 होटल हेतु प्रस्तावित है। एरोसिटी के विकास के लिए राज्य सरकार ने बजट में 2 करोड़ का प्रावधान किया है।
शहादत की याद दिलाता शहीद स्मारक
नवा रायपुर अटल नगर क्षेत्र के ग्राम परसदा (सेक्टर-3) में व्ही.आई.पी. बटालियन के लिए 42.931 एकड़ जमीन चिन्हांकित की गई है। इसमें से 13 एकड़ में शहीद स्मारक की स्थापना की जाएगी।

इस प्रस्तावित परियोजना में शहीद स्मारक लगभग 7 एकड़ जमीन में 2700 शहीदों के नाम दीवारों का निर्माण, छत्तीसगढ़ अमर जवान ज्योति स्मारक का निर्माण लगभग 6 एकड़ जमीन में, 1500 वर्ग मीटर क्षेत्र में स्मारक म्यूजियम, 21 प्लाटून हेतु परेड ग्राउंड, बगलर प्लेटफार्म, लगभग 400 दर्शकों हेतु दीर्घा, 40 वर्ग मीटर में विशिष्ट अतिथि दीर्घा, 1400 वर्ग मीटर में 60 जवानों के लिए बैरक तथा पार्किंग, फाउंटेन, सिचाई इत्यादि की व्यवस्था की जाएगी। राज्य शासन ने इसके लिए 47.75 करोड़ स्वीकृति दी है।

 

Author