कोरबा जिले के बस स्टैंड में रविवार देर रात हुए हमले में कारोबारी और सामाजिक कार्यकर्ता आनंद रैकवार (50) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अब हमले का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, कोरबा के मिशन रोड में आनंद रैकवार (50) की फैंसी ड्रेस की दुकान है। रायगढ़ माल भेजने के लिए वे रविवार की रात करीब 9.50 बजे पुराना बस स्टैंड गए थे। वहां वे बस का पता लगा रहे थे, इसी बीच वहां शराब पी रहे 4 युवकों के साथ आनंद की किसी बात पर बहस हो गई। इसके बाद युवकों ने उन्हें पकड़ लिया।
शराबियों ने बेल्ट, डंडे और रॉड से किया हमला
युवकों ने आनंद को बेल्ट, डंडे और रॉड से जमकर पीटा। वे उन्हें उठाकर होटल की भट्ठी के पास ले गए और उसमें डालने की कोशिश की। लेकिन इसी बीच होटल संचालक की नजर आरोपियों पर पड़ी, तो उन्होंने हमलावरों से आनंद रैकवार को बचाया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कारोबारी ने युवकों को शराब पीकर हुल्लड़बाजी करने से मना किया था, इसी बात पर बहस बढ़ी। घायल कारोबारी के छोटे भाई ने बताया कि युवकों ने उनके बड़े भाई के गले से चेन भी लूट ली, उनकी बाइक को भी छीनने का प्रयास किया, हालांकि लोगों के आ जाने से वे इसमें नाकाम रहे।
व्यापारी संघ ने जताई नाराजगी
इस बीच शराबी युवक मौके से फरार हो गए। हमले में कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने कारोबारी को अस्पताल में भर्ती कराया। व्यापारी का इलाज अभी भी निजी अस्पताल में जारी है। इधर व्यापारी संघ ने मारपीट की घटना पर भारी नाराजगी जताई।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स ने पुलिस अधीक्षक उदय किरण को पत्र लिखकर मारपीट की घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। मगर अब तक पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की है, जिससे उसकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठ खड़े हुए हैं। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारी सीजन होने के कारण अभी व्यस्तता ज्यादा है। इधर मारपीट की घटना से बाजार में भय का माहौल बन रहा है।
शहर में गश्त बढ़ाने की मांग
व्यापारी संघ ने पुलिस से शहर में गश्त बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने सिटी कोतवाली से कुछ मीटर की दूरी पर हुई ऐसी घटना पर सवाल भी उठाया है। सिटी कोतवाली पुलिस की मानें तो मामले में तत्काल में 151 के तहत कार्रवाई की गई है। घायल की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की जाएगी।








