विकसित भारत संकल्प यात्रा में जनभागीदारी के मामले में छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में शामिल

Spread the love

रायपुर. पंचायती राज मंत्रालय भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव डॉ. के. चन्द्रशेखर ने आज नवा रायपुर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, कृषि एवं पशुपालन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर छत्तीसगढ़ में संचालित विकसित भारत संकल्प यात्रा की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की समीक्षा की. विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ राज्य में 16 दिसम्बर से हुआ है. इस यात्रा का उद्देश्य केन्द्र सरकार की फ्लेगशिप योजनाओं का पूरे राज्य में व्यापक प्रचार-प्रसार तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना है. डॉ. के. चन्द्रशेखर ने विकसित भारत संकल्प यात्रा का मीडिया के सभी माध्यमों से व्यापक प्रचार करने के साथ ही इसका डाक्यूमेंटेशन किए जाने का सुझाव दिया. उन्होंने स्थानीय स्तर पर विभिन्न क्षेत्र के प्रतिभावान् लोगों का डाटाबेस भी तैयार करने के निर्देश दिए.

केन्द्रीय अतिरिक्त सचिव डॉ. के. चन्द्रशेखर ने छत्तीसगढ़ में संचालित विकसित भारत संकल्प यात्रा में जनभागीदारी विशेषकर महिलाओं की बढ़-चढ़कर भागीदारी पर प्रसन्नता जताई. संकल्प यात्रा में छत्तीसगढ़ के लोगों की औसत जनभागीदारी 30 प्रतिशत से अधिक है, जबकि इस यात्रा में जनभागीदारी का राष्ट्रीय औसत 10 प्रतिशत है. बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव सुब्रत साहू, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त सचिव और विकसित भारत संकल्प यात्रा के स्टेट नोडल अधिकारी डॉ. गौरव सिंह, संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. चंदन संजय त्रिपाठी, उप सचिव कृषि तुलिका प्रजापति, डिप्टी कमिश्नर केशव वर्मा एवं चन्द्रप्रकाश पात्रे मौजूद थे.

Author