सूरजपुर : सूरजपुर जिले के बसदेई चौकी क्षेत्र के ग्राम बांसपारा में खेती और जमीन विवाद को लेकर रिश्तेदारों के बीच विवाद का मामला सामने आया है. घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें एक व्यक्ति तलवार लहराते हुए हमला करने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है. मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
महिला ने लगाए जान से मारने की धमकी और कब्जे के आरोप
मिली जानकारी के मुताबिक सूरजुपर जिले के बसदेई चौकी अंतर्गत ग्राम गंगोटी कुम्हारपारा निवासी बॉबी देवांगन ने आरोप लगाया कि उसके चाचा ससुर लक्ष्मण देवांगन ने 9 जुलाई को खेत में पहुंचकर हाथ में तलवार लहराते हुए न सिर्फ गाली-गलौज की. बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी.
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने जमीन को अपनी बताते हुए किसी को भी खेत में प्रवेश करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी. जिस भूमि को लेकर विवाद है. उसका सीमांकन 15 जून को राजस्व और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में कराया जा चुका था.
शिकायतकर्ता के अनुसार इसके बावजूद आरोपी जमीन पर अपना दावा जताते हुए खेती करने पर अड़ा है और विरोध करने पर डराने-धमकाने की कोशिश कर रहा है.
बताया गया कि घटना के समय जमीन मालिक महिला अपने बेटे और बेटी के साथ ट्रैक्टर लेकर खेत में जुताई-बोआई के लिए पहुंची थी. इसी दौरान आरोपी तलवार लेकर मौके पर पहुंचा और विवाद बढ़ गया. महिला ने आरोप लगाया कि तलवार लहराते हुए खुलेआम धमकियां दी गईं, जिससे परिवार में दहशत का माहौल बन गया.
वीडियो में तलवार लेकर धमकाता दिखा आरोपी
वायरल वीडियो में आरोपी हाथ में तलवार लेकर आक्रामक अंदाज में दिखाई दे रहा है. आरोप है कि उसने विवाद के दौरान तलवार लहराकर हमला करने की कोशिश की. जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई.
आरोपी पर BNS और आर्म्स एक्ट के तहत केस
शिकायत के आधार पर बसदेई चौकी पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी लक्ष्मण देवांगन के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(बी), 351(3) तथा आम्र्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में चर्चाओं का माहौल है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
2026-07-10











