जांजगीर-चांपा : जिले के अकलतरा तहसील अंतर्गत ग्राम झलमला में एक युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी करली. मृतक की पहचान शंकर यादव पिता छतु यादव उम्र करीब 30–35 साल निवासी ग्राम झलमला, थाना मूलमुला के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के मुताबिक शंकर यादव और उनकी पत्नी संध्या यादव के बीच पहले से पारिवारिक विवाद और मारपीट की घटनाएं होती रही थीं. बताया जा रहा है कि पूर्व में संध्या यादव ने इसकी जानकारी अपने मायके पक्ष को दी थी. जिसके बाद पुलिस ने समझाइश और चेतावनी की कार्रवाई भी की थी.
इसके बाद दोनों पक्षों की सहमति से शंकर यादव अपनी पत्नी को वापस ग्राम झलमला ले आए थे और दोनों साथ रह रहे थे. हालांकि इसी बीच एक बार फिर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ. इसी तनाव के बीच शंकर यादव ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. घटना के समय उनकी पत्नी संध्या यादव अपने मायके में थी.
घटना की खबर मिलने पर थाना मूलमुला पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की. पोस्टमार्टम रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ में कराया जाएगा. जिसके बाद मौत की असल वजह का खुलासा हो सकेगा.
मौके से एक डायरी, पेन एवं मोबाइल फोन बरामद कर पुलिस ने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया है. थाना मूलमुला पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
2026-07-12











