जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिला जशपुर में पत्थलगांव थाना क्षेत्र के डुडुंगजोर गांव में अंधविश्वास के चलते एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. टोनही (जादू-टोना) होने के शक में एक व्यक्ति ने अपनी ही विधवा बहू की लकड़ी के डंडे से हमला कर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक मृतका नबिना राठिया अपने घर के आंगन में मौजूद थी. इसी दौरान उसके ससुर सुखसिंह राठिया उम्र 50 साल ने उसे टोनही बताकर विवाद शुरू कर दिया. विवाद बढ़ने पर आरोपी घर के भीतर गया और लकड़ी का मोटा डंडा लेकर आया. इसके बाद उसने महिला के सिर पर कई जानलेवा वार किए. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपी सुखसिंह राठिया ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसे शक था कि उसकी विधवा बहू उसके बच्चे पर जादू-टोना करती थी. इसी अंधविश्वास के चलते उसने गुस्से में आकर महिला पर जानलेवा हमला कर दिया.
हत्या का मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया
एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि टोनही के शक में महिला की हत्या किए जाने के मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
यह घटना एक बार फिर समाज में फैले अंधविश्वास के खतरनाक नतीजों को उजागर करती है. जहां बेबुनियाद शक ने एक महिला की जान ले ली.
2026-07-13











