झाड़ियों में मिली महिला की अर्धनग्न लाश, रात में पति से विवाद, सुबह बेटी ने खोजा तो घर से बाहर मिला शव, घटना के बाद मोहब्बत लापता, तलाश में जुटी पुलिस

Spread the love

रायगढ़/धरमजयगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में 48 साल की महिला का शव अर्द्धनग्न अवस्था में झाड़ियों के बीच मिला है. शुरुआती हालात को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका के एंगल से जांच कर रही है. घटना के बाद से महिला का पति घर से लापता है. जिसके चलते पुलिस उससे भी पूछताछ की तैयारी कर रही है. फिलहाल मौत की वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा. यह मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक धरमजयगढ़ निवासी राजकुमारी चौहान उम्र 48 साल का शव मस्जिदपारा स्थित झाड़ियों में अर्द्धनग्न हालत में मिला. बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन सुबह उनकी बेटी रोज की तरह स्कूल गई थी. दोपहर में घर लौटने पर मां घर में नहीं मिली. काफी तलाश के बाद घर के बाहर झाड़ियों में उनका शव पड़ा मिला. जिसके बाद पुलिस को खबर दी गई.
स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना से एक रात पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. हालांकि पुलिस ने अभी इस बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
घटना के बाद से महिला का पति मोहब्बत चौहान घर से गायब बताया जा रहा है. इस वजह से पुलिस उसे भी जांच के दायरे में रखकर तलाश कर रही है. घटना स्थल से सबूत जुटाए गए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.
धरमजयगढ़ पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि मौत की असल वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक सबूतों के आधार पर ही स्पष्ट होगा. फिलहाल मामले की जांच जारी है.

Author