खेती के लिए गांव आए बुजुर्ग दंपत्ति को टंगिया से मारकर उतारा मौत के घाट, हत्या के बाद जलाया शव, इलाके में फैली सनसनी, दो सगे भाई गिरफ्तार

Spread the love

रायगढ़/धरमजयगढ़ : रायगढ़ जिले में बुधवार की सुबह बुजुर्ग दंपत्ति की अधजली लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. मृतक के शरीर पर मिले गहरे चोट के निशान को देखते हुए पुलिस अज्ञात हत्यारों की पतासाजी में जुट गई. जमीन विवाद के चलते हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले दो सगे भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. यह मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक रायगढ़ जिला मुख्यालय से तकरीबन 90 किलोमीटर दूर स्थित धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम क्रोंधा में सुबह एक मकान में दो बुजुर्ग राम राठिया उम्र 65 साल और उसकी पत्नी पुनई बाई राठिया उम्र 55 साल की अधजली हालत में लाश मिली थी. ये दोनों घरघोड़ा क्षेत्र के ग्राम औरामुड़ा गांव के रहने वाले थे. जो कि खेती किसानी काम के सिलसिले में क्रोधा गांव पहुंचे थे. सुबह दोनों के शव मिलने की जानकारी के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी. बुधवार की दोपहर बुजुर्ग दंपत्ति की लाश मिलने की जानकारी मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस, फारेंसिक एक्सपर्ट के अलावा डॉग स्वायड की टीम मौके पर पहुंची. मृतक के शरीर पर गहरे चोट के निशान मिले. आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद सबूत छिपाने शव को आग लगाकर फरार हो गए थे.
गांव के ग्रामीणों ने बताया कि मृतक दंपत्ति मूलत: घरघोड़ा क्षेत्र के रहने वाले थे. पिछले कुछ साल पूर्व उन्होंने यहां जमीन खरीदी थी. उसी जमीन पर खेती किसानी के सिलसिले में वे लोग क्रोंधा गांव पहुंचे थे. इसी बीच आरोपियों ने उनकी बेरहमी से हत्या कर दी. जमीन विवाद के चलते ही आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया. दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
धरमजयगढ़ पुलिस ने ग्राम क्रोंधा देवमारीडांड में दंपति की निर्मम हत्या और शव जलाकर सबूत मिटाने के सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का सिर्फ 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने सालों पुराने जमीन विवाद की रंजिश में दंपति की टांगी से हत्या कर उनके शवों और घर में आग लगा दी थी. ताकि हत्या को हादसे का रूप दिया जा सके.
मृतक के यहां काम करने वाले रामलाल चौहान उम्र 35 साल निवासी क्रोंधा बौधपारा ने बताया कि वह पिछले करीब तीन साल से मृतक मंगल राठिया के घर में काम कर रहा है. 14 जुलाई 2026 को वह रोजाना की तरह काम कर शाम को अपने घर चला गया था. उस समय घर में सिर्फ मंगल राठिया और उनकी पत्नी पुनाई बाई राठिया मौजूद थे. सुबह करीब 6 बजे जब वह काम पर पहुंचा तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर जाने पर घर के सभी दरवाजे खुले थे और एक कमरे से धुआं निकल रहा था. कमरे के बाहर से देखने पर उसने मंगल राठिया का शव जली हुई हालत में जमीन पर पड़ा देखा और उसके पास ही उनकी पत्नी पुनाई बाई राठिया का भी जला हुआ शव पड़ा था. इसके बाद उसने मृतक के परिजनों को घटना की खबर दी.
थाना धरमजयगढ़ में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 189/2026, धारा 103(1), 238(बी), 326(जी) भारतीय न्याय संहिता (BNS)* के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरु की गई. घटनास्थल पर मिले हत्या में इस्तेमाल टांगी की गंध लेकर पुलिस डॉग रूबी ने श्याम लाल राठिया तक पहुंचने का संकेत दिया.
गवाहों से पूछताछ में मृतक और श्याम लाल राठिया के परिवार के बीच पूर्व से भूमि विवाद होने की जानकारी मिली। पुलिस डॉग के संकेत, एफएसएल साक्ष्यों, ह्यूमन इंटेलिजेंस तथा वैज्ञानिक पूछताछ के आधार पर संदेही श्याम लाल राठिया एवं उसके भाई जीवन लाल राठिया से अलग-अलग पूछताछ की गई. जिसमें दोनों ने हत्या का जुर्म कबूल कर लिया.
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वर्ष 2013 में उन्होंने एक जमीन खरीदी थी. जिसे बाद में ज्यादा कीमत मिलने पर मूल विक्रेता ने मृतक मंगल राठिया को बेच दिया था. समझौते के तहत आरोपियों को उनकी रकम वापस मिल गई थी. लेकिन मृतक द्वारा उसी जमीन पर मकान बनाकर खेती करने से दोनों भाइयों के मन में लगातार रंजिश बनी रही.
इसी रंजिश के चलते दोनों ने 14 जुलाई 2026 की रात टांगी लेकर मृतक के घर में प्रवेश किया. दरवाजा खुलते ही मंगल राठिया पर टांगी से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी. शोर सुनकर बाहर आई उनकी पत्नी पुनाई बाई की भी टांगी से हत्या कर दी. इसके बाद दोनों आरोपियों ने शवों पर घर में रखे कपड़े, सोफा कवर और अन्य सामान डालकर आग लगा दी और दो कमरों में भी आग लगाकर हत्या के सबूत मिटाने का प्रयास किया. घटना में इस्तेमाल टांगी वहीं छोड़कर दोनों मौके से फरार हो गए.
गिरफ्तार आरोपी
(1) श्याम लाल राठिया उम्र 32 साल
(2) जीवन लाल राठिया उम्र 48 साल दोनों निवासी ग्राम कोंध्रा थाना धरमजयगढ़

Author