सरकारी स्कूल में नशे का सामान, छात्र ने अपने 8 सहपाठियों को खिला दी नशीली टेबलेट, छात्रों की बिगड़ी तबीयत, सभी अस्पताल में भर्ती, एक ICU में भर्ती

Spread the love

दुर्ग : दुर्ग शहर के पंचशील नगर स्थित शासकीय चंद्रशेखर आजाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया. जब स्कूल के 8 छात्र कथित रूप से नशे की दवा खाने के बाद बेहोश हो गए. सभी बच्चों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उनका इलाज जारी है.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बच्चों के साथ पढ़ने वाले एक छात्र ने ही उन्हें नशे की दवा दी थी. दवा खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी और वे बेहोश हो गए. घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और परिजनों ने बच्चों को फौरन अस्पताल पहुंचाया. घटना में छात्र नैतिक रामटेक की हालत गंभीर बताई जा रही है. जिसे आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है. अन्य छात्रों की भी डॉक्टरों की निगरानी में चिकित्सा जारी है.
परिजनों ने की कार्रवाई की मांग
घटना से आक्रोशित परिजन कोतवाली थाना पहुंचे और संबंधित छात्र के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराने पहुंचे. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बच्चों को कौन-सी दवा दी गई, वह कहां से लाई गई और घटना के पीछे की पूरी वजह क्या है. फिलहाल पूरे मामले की जांच कोतवाली थाना पुलिस कर रही है.
दवाई खिलाने वाले बच्चे का भाई है मानसिक रोगी
बताया जा रहा है कि, जिस बच्चे ने यह दवाई खिलाई है, उसका एक भाई मानसिक रोगी है. ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि, उसी ने घर से लाकर खिला दिया होगा.

Author