तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार की मौके पर दर्दनाक मौत, वाहनों की लगी लंबी कतार, पसरा मातम, वाहन जप्त, ड्राइवर फरार, तलाश जारी

Spread the love

कोरबा : कोरबा में कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सर्वमंगला-राताखार मुख्य मार्ग पर रविवार शाम करीब 4 बजे हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई. तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को चपेट में ले लिया. जिससे मौके पर ही युवक ने दम तोड़ दिया. हादसे के बाद सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई.
मिली जानकारी के मुताबिक सर्वमंगला से राताखार की तरफ़ जा रहे बाइक सवार को तेज रफ्तार से आ रहे ट्रेलर ने मोड़ पर टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग दौड़े और फौरन पुलिस को खबर दी.
खबर मिलने के बाद कोतवाली थाना प्रमोद डनसेना टीम के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने ट्रेलर वाहन को जब्त कर लिया और चालक की तलाश शुरू कर दी. वहीं शव को सड़क से हटवाकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया. मृतक की जेब से डीएसपीएम प्लांट का एक गेट पास मिला है. जिसमें नाम हरियर दास पिता इतवारी दास, निवासी बिरदा कोरबा लिखा है. पुलिस ने परिजनों को खबर देकर मौके पर बुलाया. उनके आने के बाद ही शव की औपचारिक पहचान और आगे की कार्रवाई की गई,
हादसे के बाद सर्वमंगला-राताखार मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई. करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा. पुलिस ने मशक्कत कर वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला. हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर कदम उठाने की मांग की है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव अक्सर रहता है और तेज रफ्तार के कारण आए दिन हादसे होते हैं. हादसे के बाद इकट्ठा हुए लोगों ने इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की मांग की है. उनका कहना है कि भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित नहीं होने से इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं.
फिलहाल पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Author