जमीन विवाद में शिक्षक की बेरहमी से उतारा मौत के घाट, आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों के घर में लगाई आग, गांव में तनाव का माहौल, पुलिस बल मौजूद

Spread the love

बलरामपुर/त्रिकुंडा  छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के घमनी गांव में हेडमास्टर की हत्या के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है. खुनी वारदात से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने कथित आरोपियों के घरों में आग लगा दी. खबर मिलते ही बड़ी तादाद में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को कंट्रोल करने में जुट गया. वहीं दमकल की टीम ने पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू कर दी है. यह पूरा मामला त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के राधानगर गांव का है.
मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह शासकीय विद्यालय घमनी-कुमीहा में पदस्थ हेडमास्टर जयकरन जगते उम्र 50 साल रोज की तरह सुबह करीब 9:30 बजे स्कूल जाने के लिए निकले थे. इसी दौरान राधानगर गांव में सड़क किनारे उनके चचेरे भाई बृजमोहन उम्र 25 साल और हरिमोहन उम्र 24 साल घात लगाकर बैठे थे, जैसे ही शिक्षक वहां पहुंचे, दोनों भाइयों ने उन पर चाकू और हथौड़े से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमलावरों ने उनका गला रेत दिया. जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
बंटवारे के बाद भी चल रहा था विवाद
बताया जा रहा है कि इस जमीन विवाद को सुलझाने के लिए रविवार को गांव में एक बैठक भी बुलाई गई थी. आरोपियों का आरोप था कि जमीन का बंटवारा होने के बावजूद शिक्षक उन्हें खेत में खेती नहीं करने दे रहे थे और न ही जमीन की नपाई होने दे रहे थे. इसी बात से परेशान होकर दोनों भाइयों ने इस खूनी वारदात को अंजाम दिया.
गांव में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
शिक्षक की हत्या की खबर मिलते ही मृतक के परिवारवाले और ग्रामीण उग्र हो गए. गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घर पर हमला बोल दिया और तोड़फोड़ करने के बाद उसमें आग लगा दी. घटना की सूचना मिलते ही त्रिकुंडा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सूझबूझ से काम लेते हुए आग पर काबू पाया और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया.
त्रिकुंडा थाना प्रभारी व्यास नारायण चुरेन्द्र ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या की असल वजह जमीन का पुराना विवाद सामने आई है. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और दोनों मुख्य आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात है.
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर सबूत जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस हत्या के सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पुलिस ने शक के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

Author