बिलासपुर/हिर्री : बिलासपुर जिला में हिर्री थाना क्षेत्र के मुड़पार के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया.
मिली जानकारी के मुताबिक मुड़पार निवासी चंद्रशेखर पटेल ट्रैक्टर में करीब 19 लोगों को बैठाकर खेत में धान की रोपा लगाने के लिए ले जा रहा था. जिस ट्रैक्टर से हादसा हुआ, वह सकर्रा के सरपंच के नाम पर पंजीकृत है और सभी मजदूर सरपंच के ही खेत में रोपा लगाने जा रहे थे. चश्मदीदों के मुताबिक ट्रैक्टर तेज रफ्तार में चल रहा था.
मुड़पार के पास चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया. ट्रैक्टर पलटते ही उसमें सवार मजदूर उसके नीचे दब गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. इस भीषण हादसे में बम्लेश्वरी निषाद और मथुरा निषाद की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. जिन्हें पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. हालत नाजुक होने पर सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया. जहां उनका इलाज जारी है. हादसे की खबर मिलते ही हिर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची.
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के वजह की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में ट्रैक्टर की तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की असल वजह मानी जा रही है. पुलिस चालक चंद्रशेखर पटेल की भूमिका और ट्रैक्टर में क्षमता से ज्यादा लोगों को बैठाकर ले जाने के पहलू की भी जांच कर रही है. इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.
एक ही गांव के मजदूरों के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
2026-07-21











