रायपुर/अभनपुर/संकरी : रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम संकरी में घरेलू विवाद ने मंगलवार सुबह खूनी रूप ले लिया. एक व्यक्ति ने अपनी ही बहू पर हंसिया से जानलेवा हमला कर दिया. गले पर वार होते ही महिला लहूलुहान होकर चीखने लगी. जिसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसकी जान बचाई. घायल महिला को फौरन इलाज के लिए सरकारी अस्पताल अभनपुर में भर्ती कराया गया. जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम संकरी निवासी रेवती साहू मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे अपने बच्चों के लिए टिफिन तैयार कर रही थीं. इसी दौरान उनके जेठ सच्चिदानंद साहू घर के आंगन में पहुंचे और किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए आरोपी ने महिला को जान से मारने की धमकी दी और अपने हाथ में रखे हंसिया से सीधे उसके गले पर वार कर दिया.
हमले में महिला के गले के दाहिने हिस्से पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा. महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास की महिलाएं और पड़ोसी मौके पर पहुंचे. जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला. कुछ देर बाद महिला का पति भी घर पहुंचा और घायल पत्नी को फौरन सरकारी अस्पताल अभनपुर लेकर गया, जहां उसका इलाज जारी है.
आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
वारदात की खबर मिलते ही अभनपुर पुलिस अस्पताल पहुंची. पुलिस ने महिला का बयान दर्ज कर आरोपी सच्चिदानंद साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2) एवं 109 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया गया है. मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया. जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
2026-07-23











