बालोद/दल्लीराजहरा : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को गम में बदल दिया. दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई. हादसा इतना भीषण था कि इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही 21 साल की छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि कार में सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उनका इलाज जारी है. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे के बाद परिवार में खुशी का माहौल अचानक मातम में बदल गया.
कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार डौंडी नगर के बंधियापारा निवासी रंजीत सिंह पाटिल अपने परिवार के साथ चिपरा गांव में आयोजित चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. मृतका शारदा पाटिल बिलासपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी और परिवार में आयोजित बुआ की शादी में शामिल होने के लिए घर आई थी.
कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी लोग कार से वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में हिंदू होटल के पास उनकी स्विफ्ट कार नम्बर CG07 BM 1040 अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई.
मौके पर पहुंची पुलिस, घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोगों ने मदद की और डायल 112 की टीम की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. इस हादसे में शारदा पाटिल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए. कार चला रहे मृतका के दादा रंजीत पिता समारु राम उम्र 55 साल भी घायल हुए हैं.
हादसे में घायल अन्य लोगों में ममता पति भादू राम उम्र 40 साल निवासी साल्हे टोला लोहारा, नीतू पिता रंजीत उम्र 35 साल, रंजना रावटे पिता उत्तम रावटे उम्र 22 साल निवासी ग्राम कोचेरा लोहारा और मेघा ठाकुर पिता घनश्याम ठाकुर उम्र 21 साल निवासी डोंगरगांव शामिल हैं.
बताया गया है कि मृतका शारदा पाटिल बिलासपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थीं. उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार में मातम पसरा हुआ है. हादसे की खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.शुरुआती तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार या वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है. पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
मृतिका
कुमारी शारदा पाटिल पिता पुरुषोत्तम पाटिल उम्र 24 साल निवासी बंधियापारा डौण्डी
2026-07-23











