मेडिकल एजेंसी में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा की टीम ने दबिश देकर किया दस्तावेजों की जांच, कई घंटे चली EOW की पड़ताल, धमतरी में हड़कंप

Spread the love

धमतरी : करीब दो दशक पुराने कथित वित्तीय अनियमितता प्रकरण की जांच में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने शुक्रवार को धमतरी में बड़ी कार्रवाई की. जांच टीम ने शहर के नया बस स्टैंड स्कल और रायपुर रोड स्थित एक मेडिकल एजेंसी में एक साथ पहुंचकर घंटों तक रिकॉर्ड खंगाले. कार्रवाई के दौरान कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं. जिनके आधार पर अब जांच को आगे बढ़ाया जाएगा.
मिली जानकारी के मुताबिक EOW की टीम दो वाहनों में धमतरी पहुंची. पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों सहित टीम ने सबसे पहले नया बस स्टैंड स्थित मेडिकल प्रतिष्ठान में वर्ष 2004 से जुड़े रजिस्टर, बिल, अभिलेख और अन्य दस्तावेजों का बारीकी से सत्यापन किया. इसके बाद रायपुर रोड स्थित मेडिकल एजेंसी में भी कई घंटे तक फाइलों और रिकॉर्ड की जांच की गई. इस दौरान संबंधित लोगों से जरुरी जानकारी भी ली गई.
सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई वर्ष 2003-04 के दौरान लोक कला जत्था और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितता प्रकरण की जांच का हिस्सा है. जांच के दौरान जिन दस्तावेजों को अहम माना गया. उन्हें EOW की टीम अपने साथ ले गई. चश्मदीदों के मुताबिक कुछ अभिलेख लाल कपड़े की पोटली में भी ले जाए गए.
EOW के अधिकारी अनिल ठाकुर ने बताया कि जब्त किए गए दस्तावेजों का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा. जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई और मामले की वास्तविक स्थिति साफ हो सकेगी. उन्होंने कहा कि जांच प्रभावित न हो. इसलिए फिलहाल विस्तृत जानकारी साझा नहीं की जा सकती.
शुक्रवार को दिनभर चली इस कार्रवाई के बाद शहर में मामले को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा. हालांकि जांच एजेंसी ने अभी तक किसी व्यक्ति या संस्था की भूमिका को लेकर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है. ऐसे में पूरे मामले में EOW की जांच रिपोर्ट और आधिकारिक निष्कर्ष का इंतजार किया जा रहा है.

Author