जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिला जशपुर में कलेक्टर के निर्देश पर नगर पालिका स्थित सीएमओ कार्यालय को राजस्व अधिकारियों की टीम ने सील कर दिया. कार्रवाई के कुछ देर बाद ही सील को हटा भी दिया गया. अचानक हुई कार्रवाई से नगर पालिका के इंजीनियरों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया.
नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत ने बताया कि नगर में चल रहे विकास कार्यो का कलेक्टर रोहित व्यास के साथ निरीक्षण करना था. तय समय पर सारे लोग पहुंच गए थे. लेकिन सीएमओ योगेश्वर उपाध्याय नदारद रहे. इस पर अध्यक्ष भगत ने कलेक्टर को बताया, विकास कार्यो और परिषद में लिए गए निर्णय भी सही तरीके से लागू नहीं हो पा रहे हैं.
अध्यक्ष की शिकायत पर कलेक्टर ने सीएमओ उपाध्याय से मोबाइल पर बात की. सीएमओ ने विभागीय बैठक के सिलसिले में अंबिकापुर के जॉइंट डायरेक्टर कार्यालय में होने की बात कही. पालिका अध्यक्ष ने बताया सीएमओ के जवाब पर असंतोष जताते हुए कलेक्टर व्यास ने सीएमओ कार्यालय को सील करने का निर्देश दिया था. सीएमओ योगेश्वर उपाध्याय ने बताया, न्यायलयीन कार्य के सिलसिले में बिलासपुर गया हुआ था. इसके बाद शुक्रवार को जेडी कार्यालय अंबिकापुर में हूं. आज शाम तक वापस लौटूंगा.
नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत ने कहा, शहर में किए जा रहे विकास कार्यो के निरिक्षण का प्लान एक हफ्ते पहले तय था. इसके बाद भी सीएमओ शहर से बाहर रहे. इसकी शिकायत मैंने कलेक्टर से की थी। इस पर कार्रवाई हुई है.
2026-07-24











