झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर दो लाख की वसूली का महिला पर आरोप, रेलवे कर्मचारी ने आईजी-एसपी से लगाई इंसाफ की गुहार, सुरक्षा की मांग

Spread the love

सूरजपुर : सूरजपुर जिले में एक रेलवे कर्मचारी ने महिला पर गंभीर आरोप लगाते हुए सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी), सूरजपुर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. रेलवे कर्मचारी का आरोप है कि वर्ष 2023 से उसे झूठे मामले में फंसाने, रेलवे की नौकरी खत्म कराने और लगातार ब्लैकमेल करने की धमकी देकर करीब दो लाख रुपये की वसूली की गई.
पीड़ित कलीम असरफ ने अधिकारियों को दी गई लिखित शिकायत में बताया है कि पहले उससे 1.50 लाख रुपये और बाद में 50 हजार रुपये विभिन्न माध्यमों से लिए गए. उसका कहना है कि यह पूरी रकम दबाव और धमकी की वजह से देनी पड़ी. उसने दावा किया है कि कथित वसूली से जुड़े ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग और लेन-देन के सबूत उसके पास मौजूद हैं. जिन्हें वह जांच एजेंसी को उपलब्ध कराने के लिए तैयार है.
जमीन विवाद से जुड़ा मामला होने का दावा..
शिकायत में कलीम असरफ ने कहा है कि जिस महिला पर वह आरोप लगा रहा है. उसके बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है और इसी विवाद के चलते उस पर झूठे आरोप लगाने तथा ब्लैकमेल करने की कोशिश की जा रही है.
पीड़ित ने यह भी दावा किया कि महिला पहले से एक अन्य आपराधिक मामले में आरोपी रही है और उसने अपने पति के खिलाफ भी मामला दर्ज कराया है. हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.
अब जमीन अपने नाम कराने का दबाव..
रेलवे कर्मचारी का आरोप है कि अब उस पर जमीन अपने नाम कराने का दबाव बनाया जा रहा है. विरोध करने पर झूठे आपराधिक मामले में फंसाने और रेलवे की नौकरी खत्म कराने की धमकी दी जा रही है. उसने कहा कि लगातार मिल रही धमकियों की वजह से वह और उसका परिवार मानसिक तनाव में है.
उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग..
पीड़ित ने आईजी, कलेक्टर और एसपी को शिकायत सौंपकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने, कथित दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और खुद और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.
फिलहाल इस मामले में जिस महिला पर आरोप लगाए गए हैं. उनकी तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. इस मामले की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

Author