महिला सफाई कर्मचारियों को हटाने पर भड़का विरोध, सफाईकर्मियों ने किया काम बंद, सड़क पर उतरीं महिलाएं बोली- हमारा रोजगार मत छीनो साहब

Spread the love

रायगढ़ : नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 35 में दो महिला सफाई कर्मचारियों को काम से बैठाए जाने के खिलाफ सफाई कर्मचारियों ने काम बंद कर एकजुटता का प्रदर्शन किया. कर्मचारियों का आरोप है कि वार्ड पार्षद ने यह कहते हुए दोनों महिला कर्मचारियों से काम नहीं लेने के निर्देश दिए कि सफाई कार्य के लिए महिला कर्मचारियों की जरूरत नहीं है.
दोनों महिला कर्मचारियों ने अपनी समस्या सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष के सामने रखी. मामले की जानकारी मिलते ही अन्य सफाई कर्मचारी भी उनके समर्थन में उतर आए और विरोध स्वरूप काम बंद कर दिया.
सफाई कर्मचारियों का कहना है कि सड़क पर झाड़ू लगाने का काम पुरुष कर्मचारी नहीं करेंगे. उनका कहना है कि जिन महिला कर्मचारियों ने सालों तक मेहनत कर शहर की सफाई व्यवस्था में योगदान दिया. उन्हें सेवा के अंतिम पड़ाव में अचानक काम से हटाना अन्यायपूर्ण है.
कर्मचारियों ने निगम के ठेकेदार पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि महिला कर्मचारियों को जानबूझकर हटाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दोनों महिला कर्मचारियों को दोबारा काम पर नहीं रखा गया और मनमानी जारी रही. तो सफाई कर्मचारी आंदोलन तेज करेंगे और काम बंद रखेंगे.
सफाई कर्मचारियों का कहना है कि यह सिर्फ दो महिला कर्मचारियों का मामला नहीं, बल्कि सभी सफाई कर्मचारियों के सम्मान, अधिकार और रोजगार से जुड़ा मुद्दा है.

Author