बिलासपुर/सिरगिट्टी : बिलासपुर जिला में शादी का झांसा देकर युवती का दैहिक शोषण करने के आरोपी को सिरगिट्टी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। खबर मिलने पर पुलिस ने उसके ससुराल में दबिश देकर उसे पकड़ लिया.
पीड़िता की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी अमन यादव उर्फ राजा के खिलाफ सिरगिट्टी थाने में पीड़िता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 और 296 के तहत मामला दर्ज किया गया था. शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर लंबे समय तक दैहिक शोषण किया और बाद में दूसरी शादी कर अपने वादे से मुकर गया.
2 मई से था फरार
मामला दर्ज होने के बाद आरोपी 2 मई से फरार था. पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी. लेकिन वह बार-बार ठिकाना बदलकर गिरफ्तारी से बचता रहा.
ससुराल में छिपा मिला आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी चोरभट्ठी कला स्थित अपने ससुराल में छिपा हुआ है. खबर के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की. मौके पर पहुंचने पर आरोपी घर के छज्जे पर छिपा मिला. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया.
अदालत में किया गया पेश
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया. इस मामले में आगे की जांच अभी जारी है.
2026-07-27











