छत्तीसगढ़ में अचानक मलेरिया का कहर: 2 दिन में नौ वर्षीय दो छात्रों की मौत से मचा हड़कंप, 11 बच्चे मिले पॉजिटिव, अलर्ट मोड पर स्वास्थ्य विभाग

Spread the love

कांकेर : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में मलेरिया तेजी से पैर पसार रहा है. मलेरिया के मरीज यहां पर बढ़ते जा रहे हैं. पिछले दो दिन में मलेरिया से यहां के सरकारी हॉस्टल में रहने वाले दो छात्रों की मौत हुई है. वहीं छात्रावास के 11 बच्चे पॉजिटिव पाए गए हैं. मलेरिया के मरीज मिलने के बाद कांकेर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है. मामले को लेकर विभाग अलर्ट मोड पर है. खबर पर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच कर रही है.
बताया जाता है कि मलेरिया से दो दिन में नौ साल के दो छात्रों की मौत हो चुकी है. स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, मर्दापोटी और इरादाह छात्रावास में कुल 11 छात्र मलेरिया संक्रमित मिले हैं. प्रभावित छात्रावासों और गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें कैंप लगाकर इलाज कर रही हैं. जांच करने के साथ ही दवायें बांटी जा रही हैं. सभी छात्रावासों में विशेष निगरानी बरती जा रही है. विभाग की मामले में पैनी नजर है। समय-समय पर पूछताछ भी की जा रही है.
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, डोमाहर्रा की रहने वाली तीन सगी बहनों को तेज बुखार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान नौ साल की करीना विश्वकर्मा की 25 जुलाई को मौत हो गई. जबकि उसकी दो बहनों का इलाज चल रहा है. मर्दापोटी छात्रावास में बुखार और सिरदर्द की शिकायत मिलने पर छात्रों की जांच की गई. शुरुआती जांच में चार छात्र पॉजिटिव मिले. इनमें नौ साल की सुभाष कुमेटी की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अपने साथ घर लेकर चले गए थे. जब हालत बिगड़ने लगी तब जिला अस्पताल लाया गया. जहां पर इलाज जारी है.
मामले में आदिम जाति कल्याण विभाग की सहायक आयुक्त जया मनु ने बताया कि 22 जुलाई को जिले के सभी छात्रावासों में बच्चों की स्वास्थ्य की जांच हुई थी. इस दौरान कोई भी छात्र संक्रमित नहीं मिला था. 24 जुलाई के बाद अचानक संक्रमण के मामले बढ़ गये। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरसी ठाकुर ने बताया कि जिले में अचानक मलेरिया का आउटब्रेक देखने को मिल रहा है.

Author