नेहरू पार्क में युवती की गला रेतकर हत्या, इलाज के दौरान मौत, बाइक सवार आरोपी फरार, इलाके में फैली सनसनी, प्रेम प्रसंग की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

Spread the love

सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में सोमवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई. शहर के नेहरू पार्क में एक युवती का अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से गला रेत दिया. गंभीर रूप से घायल युवती को पहले जिला अस्पताल सूरजपुर ले जाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया. लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई. मृतका की पहचान राधिका राजवाड़े के रूप में हुई है. जो लटोरी की रहने वाली बताई जा रही है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक शाम करीब 8 बजे सूरजपुर नगर के नेहरू पार्क में युवती पार्क में मौजूद थी. तभी एक युवक वहां पहुंचा और अचानक उस पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में युवती के गले के पास गंभीर चोट आई है. अचानक हुए इस हमले से पार्क में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
चश्मदीदों के मुताबिक आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद बिना किसी देरी के बाइक उठाई और मौके से फरार हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल युवती को पहले जिला अस्पताल सूरजपुर ले जाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया. लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई. मृतका की पहचान राधिका राजवाड़े के रूप में हुई है. जो लटोरी की रहने वाली बताई जा रही है.
वारदात की खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस अधिकारियों ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े सुराग जुटाने का प्रयास शुरू कर दिया है. पुलिस टीम आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सक्रिय हो गई है.
प्राथमिक उपचार के दौरान राधिका ने अपना मोबाइल फोन लॉक खोलकर पुलिस को सौंप दिया. पुलिस अब मोबाइल की जांच के जरिए वारदात के कारण और हमलावर तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
बताया जा रहा है कि यह वारदात कोतवाली थाना से महज करीब 500 मीटर की दूरी पर हुई है. शहर के व्यस्त इलाके में हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों ने शहर में पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। इसके अलावा पुलिस युवती और उसके परिजनों से भी जानकारी जुटा रही है. ताकि हमले के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके. फिलहाल घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है.
पुलिस प्रेम प्रसंग, आपसी विवाद सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. शहर के बीच हुई इस वारदात ने लोगों में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है.
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में जल्द कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा.

Author